भागलपुर

थानाबिहपुर रेलवे मैदान के सौंदर्यीकरण की मांग, खिलाड़ियों ने GM को सौंपा ज्ञापन

गुरुवार को नवगछिया के खेलप्रेमियों ने एक सराहनीय पहल करते हुए थानाबिहपुर रेलवे इंजीनियरिंग मैदान के विकास हेतु रेल प्रशासन से गुहार लगाई। राज्य प्रवक्ता सह नवगछिया पुलिस जिला बॉल बैडमिंटन संघ के जिला सचिव ज्ञानदेव कुमार के नेतृत्व में अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी अंकित कुमार शर्मा, राष्ट्रीय खिलाड़ी राजा कुमार और राजीव कुमार ने स्टेशन अधीक्षक धर्मेंद्र कुमार ठाकुर को पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक (GM) के नाम संबोधित आवेदन की प्रति सौंपी।

आवेदन में उल्लेख किया गया कि थानाबिहपुर स्थित सहायक मंडल अभियंता कार्यालय के समीप स्थित यह मैदान वर्षों से स्थानीय युवाओं के लिए अभ्यास का प्रमुख केंद्र रहा है। यहीं से निकलकर कई खिलाड़ी राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का परचम लहरा चुके हैं। यही नहीं, सेना एवं पुलिस सेवा की तैयारी कर रहे युवा भी इसी मैदान पर नियमित अभ्यास करते हैं।

लेकिन बारिश के मौसम में यह मैदान जलजमाव का शिकार हो जाता है, जिससे करीब पांच महीने तक सभी खेल गतिविधियाँ बाधित हो जाती हैं। इससे खिलाड़ियों की तैयारी और भविष्य दोनों पर असर पड़ता है।

ज्ञापन के माध्यम से खिलाड़ियों ने रेलवे GM से आग्रह किया है कि मैदान का सुदृढ़ीकरण, जलनिकासी की व्यवस्था एवं समुचित सौंदर्यीकरण कराया जाए ताकि स्थानीय प्रतिभाओं को वर्षभर अभ्यास का अवसर मिल सके।

इस मांग से न केवल क्षेत्रीय खेल संस्कृति को बढ़ावा मिलेगा बल्कि रेलवे कर्मियों के बच्चों सहित सैकड़ों युवाओं के सपनों को भी नया पंख मिलेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button