पटना

नीतीश कुमार ने नितिन नवीन को दी नई जिम्मेदारी पर बधाई, बिहार का बढ़ा मान

पटना। भारतीय जनता पार्टी में बिहार के कद्दावर नेता और राज्य सरकार के मंत्री नितिन नवीन को राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनाए जाने पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने खुशी जताते हुए उन्हें हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं। मुख्यमंत्री ने इस नियुक्ति को बिहार के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया।

नीतीश कुमार ने कहा कि नितिन नवीन का राष्ट्रीय स्तर पर इतनी अहम जिम्मेदारी संभालना पूरे राज्य के लिए सम्मान की बात है। उन्होंने याद दिलाया कि नितिन नवीन लगातार पांच बार विधायक चुने गए हैं और वर्तमान में मंत्रिमंडल में एक सक्रिय, ऊर्जावान और जिम्मेदार सहयोगी के रूप में अपनी भूमिका बखूबी निभा रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने नितिन नवीन को एक अनुशासित, अनुभवी और जनसेवा के प्रति समर्पित नेता बताते हुए कहा कि संगठन और सरकार—दोनों क्षेत्रों में उनका अनुभव भाजपा को राष्ट्रीय स्तर पर और मजबूती देगा। नई जिम्मेदारी में उनका नेतृत्व पार्टी के लिए लाभकारी सिद्ध होगा।

नीतीश कुमार ने ईश्वर से नितिन नवीन के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और सफल कार्यकाल की कामना करते हुए भरोसा जताया कि वे पूरी निष्ठा और क्षमता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करेंगे और संगठन को नई ऊंचाइयों तक ले जाएंगे।

इस मौके पर मुख्यमंत्री ने नितिन नवीन से फोन पर बातचीत कर उन्हें व्यक्तिगत रूप से बधाई दी और भविष्य के लिए शुभकामनाएं प्रेषित कीं।

नितिन नवीन की इस नियुक्ति को लेकर राजनीतिक और सामाजिक गलियारों में उत्साह का माहौल है। जनप्रतिनिधियों से लेकर समर्थकों तक, हर ओर से उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए बधाइयों का सिलसिला जारी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button