कोसी स्नातक MLC चुनाव की तैयारियों में जुटे प्रशांत किशोर, भागलपुर में पार्टी पदाधिकारियों के साथ की बैठकप्रत्याशी चयन और चुनावी रणनीति पर मंथन, जल्द घोषित होंगे उम्मीदवारों के नाम

भागलपुर: आगामी कोसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के MLC चुनाव को लेकर जन सुराज पार्टी ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में पार्टी के सूत्रधार एवं बांकीपुर से विधायक प्रशांत किशोर शुक्रवार को भागलपुर पहुंचे, जहां जीरो माइल स्थित सरोज वाटिका मैरिज गार्डन में पार्टी पदाधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक में भागलपुर, नवगछिया, बांका, जमुई, मुंगेर, लखीसराय और शेखपुरा सहित संबंधित जिलों के पार्टी पदाधिकारी शामिल हुए। इस दौरान आगामी MLC चुनाव की तैयारियों, संभावित प्रत्याशियों के चयन और चुनावी रणनीति को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में संगठन को मजबूत करने, मतदाताओं से सीधा संवाद बढ़ाने और जमीनी स्तर पर चुनाव अभियान को प्रभावी बनाने पर विशेष जोर दिया गया। प्रशांत किशोर ने पार्टी पदाधिकारियों से चुनावी तैयारियों में सक्रियता बढ़ाने तथा बेहतर समन्वय के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
जन सुराज पार्टी ने आगामी MLC चुनाव में सभी 8 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारने की घोषणा की है। उम्मीदवारों के चयन को लेकर पार्टी नेतृत्व लगातार विभिन्न निर्वाचन क्षेत्रों का दौरा कर पदाधिकारियों के साथ बैठक कर रहा है।
इससे पहले पूर्णिया में भी प्रशांत किशोर ने पार्टी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों के साथ बैठक की थी। सहरसा, दरभंगा, मुजफ्फरपुर और चंपारण समेत अन्य क्षेत्रों में भी चुनावी तैयारियों को लेकर बैठकें आयोजित की जा चुकी हैं। भागलपुर में हुई बैठक को सभी निर्वाचन क्षेत्रों में आयोजित बैठकों की अंतिम कड़ी बताया जा रहा है। इसके बाद जल्द ही पार्टी अपने उम्मीदवारों के नाम की घोषणा कर सकती है।
बैठक में प्रदेश महासचिव अरविंद साह, जिला अध्यक्ष सुशील सिंह, जिला महामंत्री मो. साबिर, जोनल मीडिया प्रभारी बाबुल विवेक, राकेश यादव, हर्षप्रीत सिंह, सुधांशु यादव, वंदना झा, सुजाता वैद्य, इंतसार आलम, सिकंदर पासवान सहित कई पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।



