अपराधबिहार

नवगछिया में तीन अवैध आरा मिल सील, कीमती लकड़ियां और मशीनें जब्त

भागलपुर : वन प्रमंडल भागलपुर ने रविवार को गुप्त सूचना के आधार पर नवगछिया अनुमंडल के बिहपुर प्रखंड में अवैध रूप से संचालित तीन आरा मिलों पर छापेमारी कर उन्हें जब्त कर लिया. कार्रवाई के दौरान बड़ी मात्रा में कीमती लकड़ियां, मशीनें और अन्य उपकरण बरामद किये गये. वन विभाग ने संबंधित संचालकों के विरुद्ध बिहार काष्ठ चिरान अधिनियम एवं भारतीय वन अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है.

गुप्त सूचना पर गठित की गई विशेष टीम

 


वन प्रमंडल पदाधिकारी आशुतोष राज को मिली सूचना के बाद उनके निर्देश पर वनों के क्षेत्र पदाधिकारी कुमार गौतम और कम्पनी कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया. अभियान में नवगछिया पुलिस जिला के पुलिस अधीक्षक के सहयोग से बिहपुर, झंडापुर और खरीक थाना पुलिस भी शामिल रही.

तीन अवैध आरा मिलों पर छापेमारी


संयुक्त टीम ने नवगछिया वन प्रक्षेत्र के बभनगामा बाजार सहित विभिन्न स्थानों पर छापेमारी कर तीन अवैध आरा मिलों को जब्त किया. कार्रवाई के दौरान आरा मिलों में लगी मशीनें, आरी ब्लेड तथा शीशम, महोगनी और सागवान जैसी बहुमूल्य लकड़ियां भी बरामद कर वन विभाग ने अपने कब्जे में ले लीं.

वन अधिनियम के तहत दर्ज हुई प्राथमिकी


वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि अवैध रूप से संचालित आरा मिलों के संचालकों के खिलाफ बिहार काष्ठ चिरान अधिनियम और भारतीय वन अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है. जब्त सामग्री को सुरक्षित रखकर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गयी है.

वन विभाग की जीरो टॉलरेंस नीति


वन प्रमंडल पदाधिकारी आशुतोष राज ने कहा कि भागलपुर वन प्रमंडल में अवैध आरा मिलों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई गई है. भागलपुर, कहलगांव और नवगछिया क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित सभी आरा मिल मालिकों को तत्काल संचालन बंद करने की चेतावनी दी गई है. उन्होंने कहा कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी.

 

Sujeet Singh

सुजीत कुमार बिहार के भागलपुर जिले के निवासी हैं और पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग 8 वर्षों का अनुभव रखते हैं। उन्होंने अपने पत्रकारिता जीवन में विशेष रूप से क्राइम और राजनीति (पॉलिटिक्स) बीट पर सक्रिय रूप से रिपोर्टिंग की है। उनकी रिपोर्टिंग तथ्यपरक, निष्पक्ष और जमीनी मुद्दों पर आधारित मानी जाती है।सुजीत कुमार ने स्नातक (बी.ए.) की शिक्षा प्राप्त की है। अपने लंबे अनुभव के दौरान उन्होंने कई महत्वपूर्ण घटनाओं, अपराध संबंधी मामलों और राजनीतिक गतिविधियों की प्रभावी कवरेज कर पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बनाई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button