नवगछिया में बस स्टैंड के नाम पर अवैध वसूली का खुलासा, जिला परिषद अध्यक्ष ने कर्मी को पकड़ा; जांच की मांग

f8bc73b1 2476 4444 a379 47c76130d529 1784538018530 jpg 75
[espro-slider id=5813]

नवगछिया : नवगछिया नगर परिषद क्षेत्र में बस स्टैंड शुल्क के नाम पर कथित अवैध वसूली का मामला सोमवार को सामने आया। जिला परिषद अध्यक्ष बिपिन कुमार मंडल ने मकनपुर चौक पर निरीक्षण के दौरान एक कर्मी को वाहनों से पैसे वसूलते हुए पकड़ लिया। इसके बाद उन्होंने नवगछिया के पुलिस अधीक्षक वैभव शर्मा और नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी मुकेश कुमार को पत्र भेजकर मामले की जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
बताया गया कि पिछले दो दिनों से मकनपुर चौक, लक्ष्मीपुर चौक और जीरो माइल पर बस स्टैंड शुल्क के नाम पर वाहनों से पैसे वसूले जाने की शिकायतें मिल रही थीं। जिला परिषद अध्यक्ष ने कहा कि इस संबंध में पहले भी नगर परिषद को शिकायत दी गई थी, लेकिन प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से वसूली का सिलसिला जारी रहा।
सोमवार को निरीक्षण के दौरान मकनपुर चौक पर एक कर्मी वाहनों से पैसे लेते हुए मिला। उसके पास बस स्टैंड के नाम पर जारी रसीद (पर्ची) भी थी, जिसके आधार पर वह शुल्क वसूल रहा था। मौके पर ही जिला परिषद अध्यक्ष ने संबंधित अधिकारियों को सूचना देकर तत्काल कार्रवाई की मांग की।
उन्होंने कहा कि बस स्टैंड की बंदोबस्ती की शर्तों के अनुसार शुल्क की वसूली केवल नवगछिया बस स्टैंड परिसर में ही की जा सकती है। साथ ही संवेदक की जिम्मेदारी यात्रियों और वाहन चालकों के लिए बैठने की व्यवस्था, शौचालय और शुद्ध पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना है। इसके बावजूद अन्य स्थानों पर शुल्क वसूला जाना नियमों का उल्लंघन है।
मामले पर नवगछिया के एसपी वैभव शर्मा ने शिकायत मिलने के बाद उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। वहीं नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी मुकेश कुमार ने कहा कि मकनपुर चौक पर वसूली नहीं करने का निर्देश पहले ही दिया जा चुका था। यदि इसके बावजूद वसूली की जा रही है तो संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *