भागलपुर

पुल टूटा, बुझ गया घर का चिराग: इलाज के दौरान इंटर पास छात्र ने तोड़ा दम

भागलपुर । एनएच-31 पर झंडापुर थाना क्षेत्र में हुए दर्दनाक सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। 17 वर्षीय अभिषेक कुमार की पूर्णिया जीएमसीएच में इलाज के दौरान मौत हो गई। वह झंडापुर निवासी संजय कुमार मोदी का पुत्र था। हादसे की खबर मिलते ही गांव में मातम पसर गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
परिजनों के मुताबिक अभिषेक अपने चचेरे भाई के साथ साइकिल से पेट्रोल पंप स्थित एक दुकान की ओर जा रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने दोनों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की तत्परता से उन्हें बिहपुर सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद स्थिति नाजुक देखते हुए डॉक्टरों ने पूर्णिया जीएमसीएच रेफर कर दिया।
इलाज के दौरान अभिषेक ने दम तोड़ दिया, जबकि उसका चचेरा भाई पटना पीएमसीएच में जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहा है।
मृतक के पिता संजय कुमार मोदी ने प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि यदि पुल क्षतिग्रस्त नहीं होता और मुख्य मार्ग बाधित नहीं रहता, तो उनके बेटे को समय पर बेहतर इलाज मिल सकता था। उनका आरोप है कि वैकल्पिक मार्ग से जाने में हुई देरी ने उनके बेटे की जान ले ली।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने अज्ञात पिकअप चालक के विरुद्ध मामला दर्ज कर जांच प्रारंभ कर दी है।
परिवार के अनुसार अभिषेक ने इसी वर्ष इंटर की परीक्षा उत्तीर्ण की थी और आगे की पढ़ाई की तैयारी में जुटा था। एक होनहार छात्र की असमय मौत से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button