रंगरा में डिग्री कॉलेज स्थानांतरण के विरोध में उग्र प्रदर्शन, हजारों ने निकाला आक्रोश मार्च

IMG 20260629 WA0028 scaled

नवगछिया, संवाददाता। तेजनारायण उच्च विद्यालय, रंगरा से प्रस्तावित डिग्री कॉलेज को विनोबा भावे महाविद्यालय स्थानांतरित किए जाने के विरोध में सोमवार को क्षेत्र में जनाक्रोश खुलकर सामने आया। हजारों की संख्या में छात्र-छात्राओं, अभिभावकों एवं ग्रामीणों ने रंगरा बाजार में विशाल आक्रोश मार्च निकाला। इसके बाद काली मंदिर परिसर में उच्च शिक्षा मंत्री संजय सिंह ‘टाइगर’ तथा स्थानीय विधायक शैलेश कुमार उर्फ बुलो मंडल का पुतला फूंककर सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

प्रदर्शनकारियों का कहना था कि डिग्री कॉलेज की स्थापना के लिए आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी हो चुकी थीं। इसके बावजूद कॉलेज को दूसरे स्थान पर स्थानांतरित करने का निर्णय क्षेत्र के विद्यार्थियों, विशेषकर गरीब परिवारों और छात्राओं के हितों के विपरीत है। उनका आरोप था कि इस फैसले से उच्च शिक्षा तक पहुंच प्रभावित होगी।

आंदोलनकारियों ने सरकार से स्थानांतरण आदेश तत्काल वापस लेने तथा डिग्री कॉलेज का संचालन तेजनारायण उच्च विद्यालय, रंगरा परिसर से ही शुरू करने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगें नहीं मानी गईं तो चरणबद्ध आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि सरकार के इस निर्णय से क्षेत्रवासियों में लगातार आक्रोश बढ़ रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक सरकार अपना फैसला वापस नहीं लेती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। आंदोलन के अगले चरण के तहत मंगलवार को विशाल धरना आयोजित करने की घोषणा की गई, जिसमें बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं एवं अभिभावकों के शामिल होने की संभावना जताई गई।

आक्रोश मार्च एवं पुतला दहन कार्यक्रम में आशुतोष सिंह, जिम्मी ठाकुर, राजन ठाकुर, अनुज चौरसिया, सियाराम मंडल, अनुराग आर्य, मोहम्मद फारुख, मोहम्मद हाकीम, सिकंदर मंडल, गुलशन झा, आनंद सिंह, प्रियतोष सिंह, राजेश शर्मा, चितरंजन शर्मा, पंकज जायसवाल, जयप्रकाश मंडल, डब्लू ठाकुर, शंकर शर्मा, मो. असलम, आशीष मंडल, दिवाकर सिंह, बंटी ठाकुर, राकेश ठाकुर, विनोद ठाकुर, गोरे ठाकुर, लालू ठाकुर, अनिल ठाकुर, राजा जायसवाल, भरत भूषण सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *