डिग्री कॉलेज स्थानांतरण के विरोध में चौथे दिन भी आमरण अनशन जारी, प्रशासन से वार्ता बेनतीजा

file 00000000e6d47208b64c5bdd476d3f9c

भागलपुर – तेजनारायण उच्च विद्यालय परिसर से डिग्री कॉलेज को तिनटंगा स्थानांतरित किए जाने के विरोध में रंगरा में चल रहा आमरण अनशन चौथे दिन भी जारी रहा। शुक्रवार को प्रशासनिक अधिकारियों और आंदोलनकारियों के बीच हुई वार्ता किसी नतीजे पर नहीं पहुंच सकी। इसके बाद अनशनकारियों ने आंदोलन जारी रखने का एलान किया।

 

शुक्रवार को नवगछिया के अनुमंडल पदाधिकारी रोहित कर्दम, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी और रंगरा थानाध्यक्ष अनशन स्थल पहुंचे। पूर्व सांसद अनिल यादव की मौजूदगी में आंदोलनकारियों से बातचीत हुई। प्रशासन ने समाधान निकालने का प्रयास किया, लेकिन कॉलेज को पुनः रंगरा में संचालित करने की मांग पर आंदोलनकारी अडिग रहे। इससे वार्ता बेनतीजा रही।

 

अनशन पर बैठे आशुतोष सिंह, अनुज चौरसिया और मृदुल शर्मा ने बताया कि लगातार चार दिनों से भूख हड़ताल पर रहने के कारण उनकी तबीयत बिगड़ रही है। उन्होंने स्वास्थ्य जांच नहीं होने का भी आरोप लगाया।

 

अनशन स्थल पर बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं और ग्रामीण पहुंचे तथा आंदोलन को समर्थन दिया। आंदोलनकारियों का कहना है कि कॉलेज का भवन निर्माण और पंजीकरण की प्रक्रिया पूरी होने के बावजूद उसे बाढ़ प्रभावित तिनटंगा क्षेत्र में स्थानांतरित करना छात्रों के हित में नहीं है। उनका कहना है कि रंगरा में पहले से सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हैं।

 

पूर्व सांसद अनिल यादव, पूर्व एमएलसी प्रत्याशी नितेश यादव, संजीव पौद्दार और सुमित कुमार यादव सहित कई जनप्रतिनिधियों ने आंदोलन को समर्थन दिया।

 

ग्रामीणों ने शिक्षा मंत्री संजय सिंह ‘टाइगर’ और स्थानीय विधायक शैलेश कुमार उर्फ बुलो मंडल से स्थानांतरण आदेश वापस लेने की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी है कि 24 घंटे के भीतर सकारात्मक निर्णय नहीं होने पर आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *