पटना

WJAI बिहार समिति की पहली बैठक में संगठन विस्तार पर मंथन, चार प्रस्ताव पारित

पटना : वेब जर्नलिस्ट्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (WJAI) बिहार समिति की पहली बैठक शनिवार को डाकबंगला चौराहा स्थित संगठन के कार्यालय में हुई। बैठक में संगठन के विस्तार, जिला इकाइयों के गठन और आगामी कार्यक्रमों को लेकर चार महत्वपूर्ण प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किए गए।

बैठक की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष अक्षय आनंद ने की, जबकि संचालन प्रदेश महासचिव सागर कुमार ने किया। निर्णय लिया गया कि अगस्त के प्रथम सप्ताह में बिहार समिति की ओर से एक भव्य कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में बिहार विधानसभा एवं विधान परिषद के अध्यक्षों के साथ सूचना एवं जनसंपर्क मंत्री को मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया जाएगा। इसी अवसर पर राज्य के सभी जिला अध्यक्षों एवं जिला सचिवों की औपचारिक घोषणा भी की जाएगी।

बैठक में यह भी तय किया गया कि प्रस्तावित कार्यक्रम से पहले सभी जिलों में अध्यक्ष एवं सचिव के चयन की प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी, ताकि मंच से उनकी आधिकारिक घोषणा की जा सके। संगठन से जुड़े वेब पोर्टलों और वेबसाइटों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के उपायों पर भी विस्तार से चर्चा हुई।

एक अन्य प्रस्ताव के तहत प्रत्येक शनिवार को नियमित बैठक आयोजित करने का निर्णय लिया गया। इन बैठकों में सप्ताहभर के कार्यों की समीक्षा के साथ आगामी कार्यक्रमों एवं संगठनात्मक गतिविधियों की रूपरेखा तय की जाएगी।

बैठक में राष्ट्रीय महासचिव मधुप मणि ‘पिक्कू’ और राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष मंजेश कुमार विशेष रूप से उपस्थित रहे। प्रदेश समिति की ओर से करुणा कुमारी, अंजनी पांडेय, रोहित मेहता एवं अमर सिन्हा सहित अन्य पदाधिकारियों ने भाग लिया।

बैठक के अंत में पदाधिकारियों ने संगठन को जमीनी स्तर तक मजबूत बनाने, वेब पत्रकारों के हितों की रक्षा करने तथा बिहार में WJAI की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का संकल्प लिया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button