भागलपुर उपद्रव मामला: 13 और आरोपियों को मिली जमानत, अब तक 20 हुए रिहा

भागलपुर के तिलकामांझी चौक पर 25 जुलाई को हुए उपद्रव मामले में गिरफ्तार आरोपियों को लगातार राहत मिल रही है। गुरुवार को अदालत ने 13 और आरोपियों की जमानत मंजूर कर दी। कोर्ट के आदेश के बाद देर शाम तक उनकी जेल से रिहाई की प्रक्रिया चलती रही।
इस मामले में अब तक न्यायिक हिरासत में भेजे गए 28 आरोपियों में से 20 को जमानत मिल चुकी है। इससे पहले सात आरोपियों को जमानत मिली थी, जबकि गुरुवार को 13 अन्य आरोपियों को भी अदालत से राहत मिल गई। अब इस मामले में आठ आरोपी अभी भी न्यायिक हिरासत में हैं।
वहीं, इस मामले में पकड़े गए सभी 14 नाबालिगों को भी राहत मिल चुकी है। जुवेनाइल कोर्ट के आदेश के बाद बुधवार को उन्हें पर्यवेक्षण गृह (ऑब्जर्वेशन होम) से रिहा कर दिया गया।
बता दें कि 25 जुलाई को तिलकामांझी चौक पर प्रदर्शन के दौरान उपद्रव और हंगामे की घटना हुई थी। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कई लोगों को गिरफ्तार किया था। मामले की सुनवाई फिलहाल न्यायालय में जारी है और आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी रहेगी।



