बिहारभागलपुर

नवगछिया: विक्रमशिला सेतु से गंगा में छलांग लगाने जा रही युवती को पुलिस ने बचाया, बड़ी अनहोनी टली

नवगछिया: नवगछिया पुलिस की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से रविवार को एक बड़ी अनहोनी टल गई। विक्रमशिला सेतु से गंगा नदी में छलांग लगाकर जान देने जा रही 25 वर्षीय युवती को पुलिस ने समय रहते सुरक्षित बचा लिया। इसके बाद पुलिस ने युवती को परिजनों के सुपुर्द करते हुए आवश्यक समझाइश दी।
जानकारी के अनुसार, गोपालपुर थाना क्षेत्र की रहने वाली 25 वर्षीय युवती विक्रमशिला पुल पर पहुंचकर गंगा नदी में छलांग लगाने की तैयारी कर रही थी। इसकी सूचना मिलते ही जाह्नवी चौक टीओपी में तैनात पुलिसकर्मी तत्काल सक्रिय हो गए।
पदाधिकारी नवनीश कुमार, नवीन दास, एएसआई विद्यानंद तिवारी, बीएचजी आंचल कुमारी तथा डुली कुमारी बिना समय गंवाए मौके पर पहुंचे और सूझबूझ व तत्परता का परिचय देते हुए युवती को सुरक्षित पकड़ लिया। पुलिस की इस कार्रवाई से एक बड़ा हादसा टल गया।
पिता की मौत के बाद मानसिक तनाव में थी युवती
पूछताछ के दौरान परिजनों ने बताया कि युवती अपने पिता की मृत्यु के बाद लगातार मानसिक तनाव में रह रही थी। आरोप है कि परिवार के कुछ लोग उसे यह कहकर मानसिक रूप से प्रताड़ित करते थे कि उसकी शादी नहीं होने के कारण ही उसके पिता की मृत्यु हुई। लगातार मिल रही इस मानसिक प्रताड़ना के कारण वह गहरे अवसाद में चली गई थी और इसी वजह से उसने यह कदम उठाने की कोशिश की।
घटना की सूचना मिलने पर परिजन भी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने युवती और उसके परिवार से बातचीत कर उन्हें समझाया तथा भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा उत्पन्न न हो, इसके लिए आवश्यक सलाह दी।
पुलिस अधीक्षक ने टीम की सराहना की
नवगछिया के पुलिस अधीक्षक वैभव शर्मा ने इस सराहनीय कार्य के लिए पूरी पुलिस टीम की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मियों की सतर्कता, संवेदनशीलता और त्वरित कार्रवाई के कारण एक युवती का जीवन बचाया जा सका। उन्होंने सभी पुलिसकर्मियों को मानव जीवन की रक्षा के प्रति इसी तरह सजग और संवेदनशील रहने का निर्देश दिया।

Sujeet Singh

सुजीत कुमार बिहार के भागलपुर जिले के निवासी हैं और पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग 8 वर्षों का अनुभव रखते हैं। उन्होंने अपने पत्रकारिता जीवन में विशेष रूप से क्राइम और राजनीति (पॉलिटिक्स) बीट पर सक्रिय रूप से रिपोर्टिंग की है। उनकी रिपोर्टिंग तथ्यपरक, निष्पक्ष और जमीनी मुद्दों पर आधारित मानी जाती है।सुजीत कुमार ने स्नातक (बी.ए.) की शिक्षा प्राप्त की है। अपने लंबे अनुभव के दौरान उन्होंने कई महत्वपूर्ण घटनाओं, अपराध संबंधी मामलों और राजनीतिक गतिविधियों की प्रभावी कवरेज कर पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बनाई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button