प्रेम प्रसंग में पति बना बाधा, पत्नी ने रची हत्या की साजिश, 24 घंटे में खुलासा

भागलपुर । नवगछिया थाना क्षेत्र में हुए अपहरण एवं हत्या के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में मृतक की पत्नी सहित तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, प्रेम संबंध के चलते पति की हत्या की साजिश रची गई थी।
पुलिस के अनुसार, 6 अगस्त 2026 को कमलेश्वरी ने नवगछिया थाना में आवेदन देकर बताया कि उनका पुत्र उमेश शर्मा अपनी पत्नी के साथ डॉक्टर के पास नवगछिया बाजार गया था, लेकिन वापस घर नहीं लौटा। आवेदन के आधार पर नवगछिया थाना में अपहरण का मामला दर्ज कर विशेष जांच टीम का गठन किया गया।
तकनीकी अनुसंधान, वैज्ञानिक साक्ष्यों एवं मानवीय सूचना के आधार पर पुलिस ने मृतक की पत्नी अनीता देवी, मोहम्मद सोहेल और मोहम्मद इरफान को गिरफ्तार किया। पूछताछ में तीनों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली।
पुलिस के मुताबिक, अनीता देवी का पिछले पांच वर्षों से पंकज शर्मा के साथ प्रेम संबंध था, जिसका मृतक उमेश शर्मा विरोध करता था। इसी कारण उसे रास्ते से हटाने की साजिश रची गई। योजना के तहत 5 अगस्त को पंकज शर्मा हैदराबाद से पूर्णिया पहुंचा और साथियों के साथ नवगछिया आया। इसके बाद उमेश शर्मा को बहाने से स्कॉर्पियो में बैठाकर ले जाया गया, जहां गला दबाकर उसकी हत्या कर दी गई। साक्ष्य मिटाने की नीयत से शव को बरारी के समीप कोसी नदी में फेंक दिया गया।
पुलिस ने बताया कि शव कटिहार जिले के मनिहारी थाना क्षेत्र स्थित कोसी नदी के मलकाइन घाट से बरामद किया गया है। मामले में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है। वहीं, घटना में शामिल अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।



