हत्या के अभियुक्त की तलाश में पुलिस की दबिश, अनैतिक व्यापार के मामले में कई लोग को डिटेन किया गया

नया टोला बस स्टैंड के पास एक मकान में पुलिस की छापेमारी, आपत्तिजनक सामान बरामद करने का दावा; डीएसपी बोले– पूछताछ के बाद संलिप्तता के आधार पर दर्ज होगी प्राथमिकी
नवगछिया। नवगछिया में हत्या के एक मामले के आरोपी की तलाश में पहुंची पुलिस को छापेमारी के दौरान कथित अनैतिक व्यापार से जुड़े मामले की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस ने नया टोला बस स्टैंड के पास स्थित एक मकान में छापेमारी कर कई लोगों को हिरासत में लिया। पुलिस के अनुसार, मौके से कुछ आपत्तिजनक सामान भी बरामद किए गए हैं। अचानक हुई इस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया।
नवगछिया के डीएसपी सायम राजा ने बताया कि पुलिस को कुछ सूचनाएं मिली थीं। इसी आधार पर हत्या के एक मामले में वांछित आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम ने संबंधित मकान में छापेमारी की। छापेमारी के दौरान कथित अनैतिक व्यापार से जुड़ी सूचना भी सामने आई, जिसके आधार पर पुलिस ने मौके पर मौजूद लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की।
डीएसपी ने बताया कि हिरासत में लिए गए लोगों की अभी पूरी संख्या स्पष्ट नहीं है, क्योंकि अलग-अलग स्थानों से भी कुछ लोगों को डिटेन किया गया है। सभी से पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि किसकी क्या भूमिका और संलिप्तता रही है। मौके से कुछ आपत्तिजनक सामान मिलने की भी बात कही गई है, जिसकी जांच की जा रही है।
पूछताछ के बाद दर्ज होगी प्राथमिकी
डीएसपी सायम राजा के मुताबिक, फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। पूछताछ और जांच में जिन लोगों की संलिप्तता सामने आएगी, उनके विरुद्ध साक्ष्यों के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अभी जांच जारी है और मामले की वास्तविक स्थिति पूछताछ तथा साक्ष्यों के परीक्षण के बाद ही स्पष्ट होगी।
कई थानों की पुलिस टीम रही शामिल
छापेमारी अभियान में नवगछिया डीएसपी सायम राजा के अलावा खरीक थाना के एडिशनल एसएचओ अजहर आलम, नवगछिया टाउन थाना के दरोगा जम्मू कुमार समेत पुलिस बल के जवान शामिल थे। कार्रवाई के बाद स्थानीय स्तर पर इस मामले को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। हालांकि, पुलिस की जांच पूरी होने और आधिकारिक खुलासे के बाद ही पूरे मामले की तस्वीर साफ हो सकेगी।



