बिहार

स्कूल में 9वीं के छात्र के पास मिला देसी कट्टा, मचा हड़कंप

बेगूसराय। खोदावंदपुर थाना क्षेत्र के तारा बरियारपुर स्थित पीएमश्री किसान प्लस टू विद्यालय में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब 9वीं कक्षा के एक छात्र के पास से देसी कट्टा बरामद हुआ। घटना के बाद विद्यालय प्रशासन ने हथियार को कब्जे में लेकर पुलिस को सूचना दी।

बताया जाता है कि दोपहर की कक्षा के दौरान एक छात्र ने अपने सहपाठी की कमर में संदिग्ध वस्तु देखी। संदेह होने पर जांच की गई तो उसके पास से देसी कट्टा मिला। इसके बाद स्कूल में हड़कंप मच गया।

सूचना मिलते ही खोदावंदपुर थाने के एसआई चंद्रचूर ठाकुर पुलिस बल के साथ विद्यालय पहुंचे। पुलिस ने मामले में दो छात्रों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक अरुण कुमार ने पुलिस को लिखित आवेदन भी दिया है।

थानाध्यक्ष चंदन कुमार ने बताया कि प्रभारी प्रधानाध्यापक की ओर से लिखित आवेदन प्राप्त हुआ है। आवेदन के आधार पर मामले की जांच और आगे की कार्रवाई की जा रही है।

हथियार देने वाले युवक की तलाश

प्रारंभिक पूछताछ में हिरासत में लिए गए छात्रों ने पुलिस को बताया कि चकवा गांव निवासी नंदन महतो के पुत्र सुमन कुमार ने उन्हें हथियार रखने के लिए दिया था। पुलिस कथित तौर पर हथियार उपलब्ध कराने वाले सुमन कुमार की तलाश में छापेमारी कर रही है।

पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि हथियार विद्यालय परिसर तक कैसे पहुंचा और इसे लाने के पीछे क्या उद्देश्य था। मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।

विद्यालय परिसर में हथियार मिलने की घटना के बाद छात्रों की सुरक्षा को लेकर अभिभावकों में चिंता बढ़ गई है। अब जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि स्कूल में हथियार पहुंचने के पीछे वास्तविक वजह क्या थी और इसमें कौन-कौन लोग शामिल हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button