भागलपुर

नारायणपुर में पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश का अभिनंदन, पंचायत का नाम बदलने और सहायक प्राध्यापक भर्ती में जांच की उठी मांग


नारायणपुर। प्रखंड के जयपुर चूहर पूरब पंचायत अंतर्गत बलाहा गांव स्थित आशा उपेंद्र सेवा सदन में रविवार की शाम बिहार सरकार के पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश के स्वागत एवं अभिनंदन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व राष्ट्रीय लोक मोर्चा के सदस्य हेमंत कुशवाहा ने किया, जबकि अध्यक्षता प्रो. अशोक कुमार सिंह ने की। युवा नेता चितरंजन सिंह कुशवाहा ने मंच का संचालन किया।

समारोह के दौरान कार्यकर्ताओं ने मंत्री दीपक प्रकाश को अंगवस्त्र, बुके एवं फूल-माला भेंट कर सम्मानित किया। इस मौके पर मंत्री ने ग्रामीणों से ग्राम सभा में अधिक से अधिक जनभागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की। उन्होंने पंचायत विकास दिवस के अवसर पर ग्रामीणों की सक्रिय सहभागिता को पंचायतों के समग्र विकास के लिए महत्वपूर्ण बताया।

पंचायत चुनाव को लेकर मंत्री ने कही ये बात

पंचायत चुनाव को लेकर पूछे गए सवाल पर मंत्री दीपक प्रकाश ने कहा कि चुनाव की प्रक्रिया निर्वाचन आयोग के निर्देशन में होती है। विभाग की ओर से निर्धारित समय पर पंचायत चुनाव कराने के लिए हरसंभव प्रयास किया जा रहा है।

पंचायत का नाम बदलने की मांग

कार्यक्रम के दौरान जयपुर चूहर पूरब पंचायत का नाम बदलकर बलाहा पंचायत करने की मांग भी उठी। ग्रामीणों ने इस संबंध में संयुक्त हस्ताक्षरयुक्त आवेदन पंचायती राज मंत्री को सौंपा। ग्रामीणों का कहना है कि पंचायत क्षेत्र में बलाहा गांव की पहचान प्रमुख है, इसलिए पंचायत का नाम बलाहा किया जाना चाहिए।

211 डिग्री कॉलेजों में भर्ती को लेकर जांच की मांग

वहीं, बिहार सहायक प्राध्यापक अभ्यर्थी संघ के डॉ. अभिषेक कुमार ने 211 नवस्थापित डिग्री कॉलेजों में संविदा सहायक प्राध्यापक की भर्ती प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं का मुद्दा उठाया। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की, ताकि भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित हो सके।

कार्यक्रम के दौरान पंचायत विकास, जनभागीदारी और स्थानीय समस्याओं को लेकर ग्रामीणों एवं कार्यकर्ताओं ने मंत्री के समक्ष अपनी मांगें रखीं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button