मुख्य आरोपी फरार, कमरा खाली कराने पहुंचा परिवार! इशाकचक पुलिस की गैरमौजूदगी पर उठे सवाल

भागलपुर। इशाकचक थाना कांड संख्या 46/26 के मुख्य आरोपी संजय भगत उर्फ ओम प्रकाश भगत के फरार रहने के बीच ललमटिया थाना क्षेत्र में उसके किराए के मकान को खाली कराने का मामला सामने आया है। जवाहर टॉकीज के समीप आइसक्रीम फैक्ट्री गली स्थित सहदेव साह के मकान में आरोपी किराए पर रह रहा था।
पीपरपांती निवासी रवि कुमार के अनुसार, संजय भगत ने उनका टेंपो किराए पर लेकर पवन कैरियर ट्रांसपोर्ट से सामान नाथनगर पहुंचाने को कहा था। टेंपो में किस तरह का सामान था, इसकी जानकारी उन्हें नहीं थी। शीतला स्थान, मिरजानहाट के पास इशाकचक पुलिस ने टेंपो को रोककर रवि कुमार को हिरासत में लिया। पूछताछ के बाद ट्रांसपोर्ट के मुंशी बृज बिहारी यादव को भी पुलिस ने हिरासत में लिया। बाद में दोनों को जेल भेज दिया गया।
रवि कुमार का आरोप है कि मामले का मुख्य आरोपी संजय भगत उर्फ ओम प्रकाश भगत अब तक पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। इसी बीच सूचना मिली कि आरोपी का बेटा करीब 8-10 लोगों के साथ ललमटिया थाना क्षेत्र स्थित किराए का कमरा खाली कराने पहुंचा है।
मौके पर ललमटिया थाना के अपर थानाध्यक्ष राहुल कुमार भी मौजूद थे। रवि कुमार द्वारा कार्रवाई को लेकर सवाल पूछे जाने पर उन्होंने बताया कि इशाकचक थाना पुलिस को कई बार सूचना दी गई, लेकिन अब तक कोई पुलिसकर्मी मौके पर नहीं पहुंचा।
मुख्य आरोपी के फरार रहने के दौरान उसके किराए के कमरे को खाली कराने और संबंधित थाना पुलिस की मौके पर गैरमौजूदगी को लेकर अब कई सवाल उठ रहे हैं। मामले में पुलिस की आगे की कार्रवाई पर लोगों की नजर बनी हुई है।



