कामरेड योगेंद्र कुमार ‘चालो दा’ व देवलता देवी की प्रतिमाओं का अनावरण

सोनवर्षा में श्रद्धांजलि कार्यक्रम, जनप्रतिनिधियों व ग्रामीणों ने समाजसेवा के योगदान को किया याद
बिहपुर। बिहपुर प्रखंड के बिहपुर दक्षिण पंचायत अंतर्गत सोनवर्षा गांव में समाजसेवी एवं कामरेड योगेंद्र कुमार उर्फ ‘चालो दा’ और उनकी पत्नी देवलता देवी की प्रतिमाओं का अनावरण श्रद्धांजलि कार्यक्रम के दौरान किया गया। प्रतिमाओं का अनावरण बिहपुर दक्षिण पंचायत की मुखिया नीना रानी, स्व. योगेंद्र कुमार के बड़े पुत्र अमन कुमार तथा छोटे पुत्र अजय कुमार उर्फ लाली ने संयुक्त रूप से किया।
कार्यक्रम की शुरुआत विधिवत पूजा-अर्चना के साथ हुई। पूजा संपन्न होने के बाद दोनों प्रतिमाओं का अनावरण किया गया। इस दौरान उपस्थित लोगों ने दिवंगत योगेंद्र कुमार और देवलता देवी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके सामाजिक सरोकार और समाजसेवा के कार्यों को याद किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कामरेड निरंजन चौधरी ने कहा कि व्यक्ति का शरीर नश्वर है, लेकिन समाज के लिए किए गए कार्य और उसकी कृतियां हमेशा जीवित रहती हैं। उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति को समाजहित और जरूरतमंदों की सेवा के लिए सदैव तत्पर रहना चाहिए।
कामरेड रामशरण यादव ने कहा कि योगेंद्र कुमार हमेशा समाजहित की चिंता करते थे। उनके विचार और आदर्श ऊंचे थे तथा वे जरूरतमंद लोगों की सहायता के लिए हमेशा आगे रहते थे। उनके सामाजिक सरोकार आज भी लोगों को प्रेरणा देते हैं।
मुखिया प्रतिनिधि प्रवीण कुमार उर्फ फॉर्ड ने कहा कि योगेंद्र कुमार ने अपने कार्यों के माध्यम से समाज के सामने एक मिसाल कायम की। उनके सामाजिक कार्य और विचार आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बने रहेंगे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता गुड्डू नेता ने की, जबकि मंच संचालन किया गया। मौके पर स्व. योगेंद्र कुमार के पुत्र अमन कुमार, अजय कुमार उर्फ लाली सहित परिवार के सदस्य, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे।
श्रद्धांजलि कार्यक्रम में ग्रामीणों ने दोनों दिवंगतों की प्रतिमाओं पर श्रद्धासुमन अर्पित कर उन्हें नमन किया। कार्यक्रम के अंत में अजय कुमार उर्फ लाली ने उपस्थित लोगों को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया।



