वैशाली में ठेकेदार की दिनदहाड़े हत्या, चार बदमाशों ने घेरकर बरसाईं गोलियां; CCTV में कैद हुई वारदात
हाजीपुर के दिग्घी नया टोला में मॉर्निंग वॉक के दौरान वारदात, मौके से खोखे बरामद; पुलिस ने शुरू की जांच

हाजीपुर। वैशाली जिले में अपराधियों ने दिनदहाड़े एक ठेकेदार की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना हाजीपुर के सदर थाना क्षेत्र स्थित दिग्घी नया टोला में हुई। मृतक की पहचान 49 वर्षीय ठेकेदार रामनरेश राय के रूप में हुई है। हत्या की पूरी वारदात पास में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई है। फुटेज में चार बदमाश रामनरेश राय को घेरकर उन पर फायरिंग करते नजर आ रहे हैं।
मॉर्निंग वॉक के दौरान अपराधियों ने घेरा
बताया जा रहा है कि रामनरेश राय रोज की तरह गुरुवार सुबह मॉर्निंग वॉक के लिए दिग्घी नया टोला पोखर के पास गए थे। इसी दौरान पहले से घात लगाए अपराधियों ने उन्हें घेर लिया। बदमाशों ने उन पर कई राउंड फायरिंग की। गोली लगने से रामनरेश राय की मौके पर ही मौत हो गई।
वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
CCTV फुटेज में दिखे चार बदमाश
हत्या की पूरी घटना पास में लगे CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हो गई। फुटेज में चार अपराधी ठेकेदार को घेरकर फायरिंग करते दिखाई दे रहे हैं। पुलिस ने CCTV फुटेज को अपने कब्जे में लेकर आरोपियों की पहचान शुरू कर दी है।
घटनास्थल से बरामद हुए गोली के खोखे
घटना की सूचना मिलने के बाद वैशाली एसपी शुभांक मिश्रा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। मौके से गोली के खोखे भी बरामद किए गए हैं।
पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ ही घटना से जुड़े अन्य साक्ष्यों को जुटा रही है।
आपसी रंजिश समेत कई एंगल पर जांच
पुलिस शुरुआती जांच में हत्या के पीछे आपसी रंजिश और पुराने विवाद समेत अन्य संभावित कारणों को खंगाल रही है। हालांकि, हत्या की वास्तविक वजह क्या है और वारदात में कौन-कौन लोग शामिल थे, इसका खुलासा आरोपियों की गिरफ्तारी और पूछताछ के बाद ही हो सकेगा।
एसपी के अनुसार, रामनरेश राय को मॉर्निंग वॉक के दौरान अपराधियों ने गोली मारी है।
आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी
CCTV फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस आरोपियों की पहचान में जुटी है। संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने जल्द ही वारदात में शामिल अपराधियों को गिरफ्तार करने का दावा किया है।
घटना के बाद इलाके में पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है। हत्या की इस वारदात के बाद स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है।



