भागलपुर में मध्य देशीय वैश्य महासभा का भव्य आयोजन, राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. विजय गुप्ता ने भरी संगठन में नई ऊर्जा

भागलपुर। नाथनगर स्थित बिस्पंथी जैन धर्मशाला, चंपानगर में मध्य देशीय वैश्य महासभा का भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में गुवाहाटी सेंट्रल से निर्वाचित विधायक एवं महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. विजय कुमार गुप्ता तथा राष्ट्रीय महिला अध्यक्षा श्रीमती ऋचा योगमई समेत दोनों समितियों के नवनिर्वाचित राष्ट्रीय पदाधिकारियों का सम्मान और अभिनंदन किया गया।
कार्यक्रम की स्वागत समिति के अध्यक्ष ई. नंदकिशोर के नेतृत्व में समिति के सदस्यों ने अतिथियों का स्वागत किया। निरंजन साह बभनगामा, डॉ. अक्षलेश विजय, नंदू साह, एमएलसी प्रत्याशी डॉ. संजीव कुमार, मध्य प्रदेश के कोषाध्यक्ष संजय गुप्ता सहित अन्य पदाधिकारियों ने बुके, माला और अंगवस्त्र भेंट कर अतिथियों का अभिनंदन किया।
देश-विदेश से पहुंचे समाज के प्रतिनिधियों ने भागलपुर में आयोजित कार्यक्रम की जमकर सराहना की। दानवीर कर्ण की धरती और रेशमी नगरी भागलपुर में आयोजित इस आयोजन में आसपास के जिलों से भी बड़ी संख्या में समाज के लोग शामिल हुए और कार्यक्रम को सफल बनाने में अपना सहयोग दिया।
कार्यक्रम के दौरान बांग्लादेश से पहुंचे शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. देवाशीष कुमार गुप्ता को भी सम्मानित किया गया। निरंजन साह और डॉ. ओमनाथ भारती ने उन्हें बुके, माला और अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। डॉ. देवाशीष कुमार गुप्ता ने बांग्लादेश में हिंदुओं की स्थिति और वहां हो रहे कथित अत्याचारों को लेकर चिंता व्यक्त की तथा समाज की वर्तमान दशा पर अपने विचार रखे।
अपने संबोधन में महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं गुवाहाटी सेंट्रल के भाजपा विधायक डॉ. विजय कुमार गुप्ता ने संगठन की एकजुटता, सामाजिक सहभागिता और समाज के हित में सक्रिय भूमिका पर जोर दिया। उनके संबोधन से कार्यक्रम में मौजूद समाज के लोगों में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार हुआ।
आयोजकों ने कहा कि भागलपुर की धरती पर देश-विदेश से आए समाज के प्रतिनिधियों का स्वागत करना गौरव की बात है। कार्यक्रम को सफल बनाने में भागलपुर के साथ-साथ आसपास के जिलों से पहुंचे स्वजातीय बंधुओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
सम्मान समारोह में डॉ. देवाशीष कुमार गुप्ता को सम्मानित करते निरंजन साह एवं डॉ. ओमनाथ भारती।




