भागलपुर

बिहपुर को बाढ़ और जलजमाव से मिलेगी स्थायी राहत! जापानी तकनीक से बनेगी कार्ययोजना, मंत्री शैलेंद्र ने की पहल

बिहपुर। बिहपुर विधानसभा क्षेत्र को बाढ़ और जलजमाव की गंभीर समस्या से स्थायी निजात दिलाने की दिशा में बिहार सरकार के पथ निर्माण मंत्री सह बिहपुर विधायक इं. शैलेंद्र ने पहल शुरू की है। इसके तहत बिहपुर, खरीक और नारायणपुर प्रखंडों के लिए व्यापक विकास एवं जलनिकासी की कार्ययोजना तैयार की जाएगी।

नवगछिया भाजपा जिला उपाध्यक्ष प्रो. गौतम ने बुधवार को इसकी जानकारी देते हुए बताया कि मंगलवार को पटना स्थित पथ निर्माण विभाग के कार्यालय में मंत्री इं. शैलेंद्र ने टेक विमल फाउंडेशन के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। बैठक में क्षेत्र की भौगोलिक स्थिति और बाढ़-जलजमाव की समस्या के स्थायी समाधान पर विस्तार से चर्चा हुई।

बैठक में गंगा और कोसी नदी के जलप्रवाह, बाढ़ के पानी की निकासी और जलजमाव प्रभावित क्षेत्रों की समस्याओं पर मंथन किया गया। इसके समाधान के लिए आधुनिक जापानी तकनीक, वैज्ञानिक सर्वेक्षण एवं मानचित्रण, नदी और जल विज्ञान के अध्ययन तथा आधुनिक ड्रेनेज सिस्टम विकसित करने के प्रस्ताव पर चर्चा हुई।

इसके अलावा पुराने जलनिकासी मार्गों को पुनर्जीवित करने, तटबंधों को मजबूत बनाने, नदी कटाव से बचाव, बाढ़ प्रभावित ग्रामीण सड़कों एवं पुल-पुलियों के विकास और वर्षा जल प्रबंधन जैसे मुद्दे भी बैठक के एजेंडे में शामिल रहे। कृषि योग्य भूमि को जलजमाव से बचाने के लिए प्रभावी व्यवस्था विकसित करने पर भी जोर दिया गया।

बैठक के दौरान तकनीकी अधिकारियों ने बड़े स्क्रीन पर प्रजेंटेशन के माध्यम से प्रस्तावित योजनाओं और संभावित तकनीकी समाधानों की जानकारी दी।

मंत्री इं. शैलेंद्र ने बताया कि योजना को धरातल पर उतारने के लिए सीएसआर (कॉरपोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी) फंड के उपयोग की संभावनाएं भी तलाशी जाएंगी। सरकारी प्रयासों के साथ सामाजिक एवं संस्थागत सहभागिता सुनिश्चित कर बिहपुर विधानसभा क्षेत्र के समग्र विकास और बाढ़-जलजमाव की समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में काम किया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button