भागलपुर

जैविक खेती की तकनीक सीखने रांची रवाना हुए भागलपुर के 52 किसान, 4 दिवसीय प्रशिक्षण परिभ्रमण

भागलपुर के सभी 16 प्रखंडों से चयनित किसान दिव्यायन कृषि विज्ञान केंद्र में सीखेंगे जैविक एवं प्राकृतिक खेती के तरीके

भागलपुर। जैविक एवं प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने और किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों से अवगत कराने के उद्देश्य से भागलपुर जिले के 52 प्रगतिशील किसानों को चार दिवसीय कृषि परिभ्रमण पर रांची रवाना किया गया। रविवार को किसानों के दल को तिलकामांझी स्थित कृषि भवन परिसर से आरक्षित बस के माध्यम से झारखंड के दिव्यायन कृषि विज्ञान केंद्र के लिए रवाना किया गया।

कृषि प्रौद्योगिकी प्रबंध अभिकरण (आत्मा), भागलपुर की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में जिले के सभी 16 प्रखंडों के चयनित किसान शामिल हैं। परिभ्रमण के दौरान किसानों को जैविक एवं प्राकृतिक खेती की आधुनिक तकनीक, व्यावहारिक विधियों और कृषि नवाचारों की जानकारी दी जाएगी।

आत्मा के उप परियोजना निदेशक प्रभात कुमार सिंह ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य किसानों को खेती की नई तकनीकों से जोड़ना है, ताकि वे प्रशिक्षण के दौरान सीखी गई विधियों को अपने खेतों में अपनाएं और दूसरे किसानों को भी इसके लिए प्रेरित करें।

किसानों के दल में कहलगांव प्रखंड के प्रगतिशील किसान मनोज झा समेत अन्य किसान शामिल हैं। दल को प्रखंड तकनीकी प्रबंधक, सुल्तानगंज राजीव लोचन के नेतृत्व में रवाना किया गया।

इस कृषि परिभ्रमण से किसानों को टिकाऊ खेती की नई तकनीक सीखने, उत्पादन लागत कम करने और आय बढ़ाने के अवसर मिलेंगे। साथ ही जिले में जैविक एवं प्राकृतिक खेती के विस्तार को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button