भागलपुर

Naugachhia Murder Case: राहुल राय की हत्या मामले में एक आरोपी गिरफ्तार, पुलिस जांच में बड़ा खुलासा

नवगछिया। नवगछिया थाना क्षेत्र के पकरा गांव में राहुल राय की गोली मारकर हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा करने का दावा किया है। इस मामले में पुलिस ने एक आरोपी विनोद सिंह को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, हत्या के पीछे स्मैक बेचने और इलाके में वर्चस्व को लेकर चल रहा पुराना विवाद सामने आया है।

पुलिस के मुताबिक, 13 अगस्त 2026 को पकरा गांव में राहुल राय की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक नवगछिया, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, स्थानीय थाना पुलिस और तकनीकी टीम मौके पर पहुंची थी। घटनास्थल को सुरक्षित कर एफएसएल टीम की मदद से वैज्ञानिक साक्ष्य भी जुटाए गए थे।

मृतक के पिता के आवेदन पर नवगछिया थाना कांड संख्या 331/26 दर्ज कर जांच शुरू की गई। मामले के खुलासे के लिए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया था।

तकनीकी और मानवीय अनुसंधान के आधार पर SIT ने मामले में नामजद आरोपी विनोद सिंह, पिता महेश्वर सिंह, निवासी पकरा दोनियों टोला, थाना नवगछिया को गिरफ्तार कर लिया।

चाय पिलाने के बहाने ले जाने का आरोप

पुलिस की पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी ने वारदात में अपनी संलिप्तता स्वीकार करने का दावा किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने बताया कि राहुल राय का उसके और उसके भाई के साथ स्मैक बेचने तथा क्षेत्र में वर्चस्व को लेकर पहले से विवाद चल रहा था।

पुलिस के मुताबिक, 13 अगस्त को राहुल राय को चाय पीने के बहाने मोटरसाइकिल पर बैठाकर पकरा हाई स्कूल ले जाया गया। वहां आरोपी का भाई पिंटू सिंह समेत तेतरी निवासी आशीष सिंह और अभिषेक सिंह तथा खगड़ा निवासी अमर रजक भी पहुंचे थे। इस दौरान पुरानी बातों को लेकर विवाद और झगड़ा हुआ, जिसके बाद राहुल राय को गोली मार दी गई।

कट्टा गंगा में फेंकने का दावा

पूछताछ के दौरान आरोपी ने पुलिस को बताया कि वारदात के बाद भागते समय कट्टा को विक्रमशिला पुल से गंगा नदी में फेंक दिया गया। इसके बाद आरोपी और उसके साथी बांका जिले के रजौन थाना क्षेत्र के कोरामा गांव में अपने रिश्तेदार के यहां चले गए।

पुलिस के अनुसार, दो दिन पहले आरोपी का भाई पिंटू सिंह और अन्य लोग काम के लिए बाहर चले गए थे, जबकि विनोद सिंह भी फरार होने की तैयारी में था। इसी दौरान 26 अगस्त को पुलिस ने उसे नवगछिया जीरोमाइल से गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी और मामले में आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button