5 फीट बाढ़ के पानी में सेना भर्ती की तैयारी, पैरा कमांडो के प्रशिक्षण में जुटे युवा

भागलपुर। जिले का निचला और दियारा इलाका इन दिनों बाढ़ की चपेट में है। कई इलाके टापू में तब्दील हो गए हैं और बाढ़ के पानी ने आम जनजीवन को प्रभावित कर दिया है। लेकिन इन मुश्किल हालात के बीच सेना में भर्ती होने का सपना देख रहे युवाओं का हौसला कम नहीं हुआ है।

जिस मैदान में युवा सुबह-शाम दौड़ लगाकर सेना में भर्ती की तैयारी करते थे, आज वही मैदान चार से पांच फीट तक बाढ़ के पानी में डूबा हुआ है। मैदान पूरी तरह जलमग्न है, इसके बावजूद युवा पानी के बीच अपनी शारीरिक तैयारी करते नजर आ रहे हैं।
इन युवाओं को सेना में भर्ती की तैयारी के लिए पैरा कमांडो से सेवानिवृत्त रणजीत सोलंकी प्रशिक्षण दे रहे हैं। बाढ़ के कारण मैदान में पानी भर जाने के बावजूद उन्होंने युवाओं का अभ्यास बंद नहीं कराया। मुश्किल परिस्थितियों में भी फिटनेस बनाए रखने और शारीरिक क्षमता को मजबूत करने के लिए युवाओं को लगातार प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
युवाओं का कहना है कि आने वाले दिनों में सेना की परीक्षा है। ऐसे में तैयारी रोकना उनके लिए संभव नहीं है। सेना में शामिल होकर देश की सेवा करने का सपना है और इस सपने को पूरा करने के लिए वे हर मुश्किल का सामना करने को तैयार हैं।
बाढ़ ने युवाओं से उनका मैदान जरूर छीन लिया, लेकिन उनका हौसला नहीं छीन सकी। पांच फीट तक पानी के बीच जारी शारीरिक अभ्यास और सेवानिवृत्त पैरा कमांडो की ट्रेनिंग यह दिखाती है कि देशसेवा का जुनून मुश्किल से मुश्किल परिस्थितियों में भी कम नहीं होता।



