विक्रमशिला सेतु बंद होने के बीच यात्रियों को राहत, भागलपुर-कटिहार के बीच दो जोड़ी अतिरिक्त स्पेशल ट्रेनें शुरू

भागलपुर/नवगछिया: विक्रमशिला गंगा सेतु पर आवागमन बंद होने के कारण भागलपुर और आसपास के क्षेत्रों में बढ़ी यातायात समस्या के बीच रेल यात्रियों के लिए राहत की खबर है। यात्रियों की सुविधा को देखते हुए भागलपुर-कटिहार रेलखंड पर दो जोड़ी अतिरिक्त स्पेशल ट्रेनों का परिचालन शुरू किया गया है। इसके साथ ही इस रेलखंड पर अब कुल तीन जोड़ी स्पेशल ट्रेनों की सुविधा उपलब्ध हो गई है।
भागलपुर सांसद अजय कुमार मंडल ने अतिरिक्त स्पेशल ट्रेनों के परिचालन के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के प्रति आभार व्यक्त किया है।
सांसद के अनुसार, विक्रमशिला गंगा सेतु के पुनर्निर्माण एवं मरम्मत कार्य के कारण लोगों को हो रही परेशानी को देखते हुए उन्होंने प्रधानमंत्री, रेल मंत्री और मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर भागलपुर-कटिहार के बीच अतिरिक्त स्पेशल ट्रेनों के परिचालन की मांग की थी।
उन्होंने कहा कि यात्रियों की बढ़ती जरूरत को देखते हुए पहले से संचालित एक जोड़ी स्पेशल ट्रेन के अलावा अब दो जोड़ी अतिरिक्त स्पेशल ट्रेनें शुरू की गई हैं। इससे भागलपुर, नवगछिया, कटिहार समेत आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को आवागमन के लिए अतिरिक्त विकल्प मिलेंगे। साथ ही, सड़क मार्ग पर बढ़े यातायात के दबाव को कम करने में भी मदद मिलने की उम्मीद है।
एक और MEMU ट्रेन चलाने की मांग
सांसद अजय कुमार मंडल ने भागलपुर-कटिहार के बीच एक और MEMU पैसेंजर ट्रेन चलाने का अनुरोध मालदा मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (DRM) से किया है। बताया गया है कि DRM की ओर से इस संबंध में जल्द सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है।
भागलपुर-कटिहार के बीच स्पेशल ट्रेनों का समय
– ट्रेन संख्या 05781 — भागलपुर से प्रस्थान: सुबह 5:15 बजे
– ट्रेन संख्या 03409 — भागलपुर से प्रस्थान: शाम 5:30 बजे
– ट्रेन संख्या 05782 — कटिहार से प्रस्थान: शाम 4:50 बजे
– ट्रेन संख्या 03410 — कटिहार से प्रस्थान: सुबह 6:35 बजे
सांसद ने उम्मीद जताई कि अतिरिक्त स्पेशल ट्रेनों के परिचालन से विक्रमशिला सेतु बंद रहने के दौरान यात्रियों को आवागमन में राहत मिलेगी। उन्होंने रेल प्रशासन से यात्रियों की आवश्यकता को देखते हुए आगे भी आवश्यकतानुसार अतिरिक्त रेल सेवाएं उपलब्ध कराने का आग्रह किया है।



