JDU प्रत्याशी नीरज कुमार की तबीयत बिगड़ी, मेदांता के ICU में चल रहा इलाज

पटना: बिहार विधान परिषद के पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से जेडीयू प्रत्याशी एवं मौजूदा विधान पार्षद नीरज कुमार की तबीयत बिगड़ने की खबर सामने आई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, हृदय संबंधी परेशानी के बाद उन्हें सोमवार देर रात मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां ICU में डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है।
बताया जा रहा है कि नीरज कुमार पहले से ही हृदय संबंधी समस्या से परेशान रहे हैं। हालांकि, उनकी वर्तमान स्वास्थ्य स्थिति को लेकर अस्पताल प्रबंधन की ओर से अब तक कोई आधिकारिक मेडिकल बुलेटिन सामने नहीं आया है।
23 अक्टूबर को होना है मतदान
पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में 23 अक्टूबर को मतदान प्रस्तावित है। चुनाव से ठीक पहले नीरज कुमार की तबीयत बिगड़ने की खबर से उनके समर्थकों और राजनीतिक गलियारों में चिंता का माहौल है।
फिलहाल, उनके स्वास्थ्य को लेकर आधिकारिक जानकारी का इंतजार किया जा रहा है। उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की जा रही है।



