बांका के चांदन में संतोष कुमार तिवारी का जनसंपर्क, युवाओं और शिक्षकों से किया संवाद

बांका। कोशी स्नातक विधान परिषद चुनाव को लेकर जनसंपर्क अभियान के तहत संतोष कुमार तिवारी ने बांका जिले के झारखंड सीमा से सटे चांदन प्रखंड का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र के युवा मतदाताओं, शिक्षकों और निजी विद्यालयों से जुड़े शिक्षकों से मुलाकात कर विभिन्न मुद्दों पर संवाद किया।
जनसंपर्क के दौरान तिवारी ने आगामी कोशी स्नातक विधान परिषद चुनाव को लेकर लोगों से चर्चा की और अपने पक्ष में समर्थन एवं आशीर्वाद मांगा। उन्होंने युवाओं एवं शिक्षकों की समस्याओं, अपेक्षाओं और क्षेत्र से जुड़े मुद्दों को जानने का प्रयास किया।
संतोष कुमार तिवारी ने कहा कि युवाओं और शिक्षकों से मिलकर उनके विचार एवं अपेक्षाओं को समझने का अवसर मिल रहा है। लोगों से मिल रहे स्नेह, सहयोग और सकारात्मक प्रतिक्रिया से उन्हें नई ऊर्जा और उत्साह मिल रहा है। उन्होंने कहा कि लोगों के विश्वास और समर्थन के साथ बेहतर भविष्य की दिशा में काम करने का उनका संकल्प और मजबूत हो रहा है।
उन्होंने जनसंपर्क के दौरान समय देने और सहयोग के लिए लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया। तिवारी ने कहा कि जनसंवाद और सकारात्मक बदलाव के संकल्प के साथ उनका अभियान आगे भी जारी रहेगा।
संतोष कुमार तिवारी पूर्व भारतीय सेना के जवान, कारगिल योद्धा, रचनात्मक भारत पार्टी के सह-संस्थापक और कोशी स्नातक विधान परिषद क्षेत्र से प्रत्याशी हैं।



