भागलपुर में 3 लाख पेंशनधारियों को मिले 33.37 करोड़ रुपये

भागलपुर के 3.03 लाख पेंशनधारियों के खाते में पहुंचे 33.37 करोड़ रुपये, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने किया हस्तांतरण
पेंशन उत्सव के रूप में मनाया गया विशेष अवसर, जिलाधिकारी अलंकृता पाण्डेय की मौजूदगी में समाहरणालय में हुआ कार्यक्रम
भागलपुर। बिहार सरकार की सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के तहत भागलपुर जिले के 3 लाख 3 हजार 408 लाभार्थियों के बैंक खातों में अक्टूबर 2026 की पेंशन राशि भेजी गई। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में आयोजित राज्यस्तरीय कार्यक्रम के दौरान प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (DBT) के माध्यम से कुल 33 करोड़ 37 लाख 48 हजार 800 रुपये अंतरित किए गए।
इस अवसर पर राज्य सरकार की ओर से पेंशन उत्सव मनाया गया। भागलपुर समाहरणालय स्थित सभागार में भी कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें जिलाधिकारी अलंकृता पाण्डेय सहित कई वरीय पदाधिकारी और बड़ी संख्या में पेंशन योजना के लाभार्थी शामिल हुए। कार्यक्रम के दौरान राज्यस्तरीय आयोजन का सीधा प्रसारण भी देखा गया।
जिला जनसंपर्क कार्यालय से जारी जानकारी के अनुसार, जिले के वृद्धजन, विधवा महिलाओं और दिव्यांगजनों को विभिन्न सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के तहत यह राशि उपलब्ध कराई गई है। सरकार की इस पहल का उद्देश्य जरूरतमंद एवं कमजोर वर्गों को आर्थिक सहायता और सामाजिक सुरक्षा प्रदान करना है।
मुख्यमंत्री वृद्धजन पेंशन योजना के लाभार्थियों की संख्या सबसे अधिक
योजनावार आंकड़ों के अनुसार, मुख्यमंत्री वृद्धजन पेंशन योजना के तहत सर्वाधिक 1,44,838 लाभार्थियों के खातों में 15 करोड़ 93 लाख 21 हजार 800 रुपये भेजे गए। वहीं, इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन योजना के 85,195 लाभार्थियों को 9 करोड़ 37 लाख 14 हजार 500 रुपये मिले।
अन्य योजनाओं के तहत इंदिरा गांधी राष्ट्रीय विधवा पेंशन योजना के 14,465 लाभार्थियों को 1 करोड़ 59 लाख 11 हजार 500 रुपये, इंदिरा गांधी राष्ट्रीय निःशक्तता पेंशन योजना के 2,123 लाभार्थियों को 23 लाख 35 हजार 300 रुपये, लक्ष्मीबाई सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के 24,315 लाभार्थियों को 2 करोड़ 67 लाख 46 हजार 500 रुपये तथा बिहार निःशक्तता सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के 32,472 लाभार्थियों को 3 करोड़ 57 लाख 19 हजार 200 रुपये अंतरित किए गए।
इस तरह जिले के कुल 3,03,408 पेंशनधारियों के खातों में 33.37 करोड़ रुपये की राशि सीधे भेजी गई। कार्यक्रम में मौजूद लाभार्थियों ने पेंशन राशि के हस्तांतरण पर खुशी जाहिर की।



