भागलपुर

तेतरी धाम में गूंजेगी जगद्गुरु रामभद्राचार्य जी की रामकथा, 25 एकड़ में होगा भव्य आयोजन

22 से 28 फरवरी 2027 तक सात दिवसीय रामकथा, प्रतिदिन 50 हजार से एक लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान; 17 से 19 फरवरी तक तीन मंदिरों की होगी प्राण-प्रतिष्ठा

नवगछिया। नवगछिया के तेतरी धाम में फरवरी 2027 में भव्य धार्मिक महोत्सव का आयोजन होने जा रहा है। यहां जगद्गुरु रामानंदाचार्य स्वामी रामभद्राचार्य जी महाराज के श्रीमुख से सात दिवसीय श्रीराम कथा का आयोजन किया जाएगा। 22 से 28 फरवरी तक होने वाले इस कार्यक्रम को अंतरराष्ट्रीय स्तर का स्वरूप देने की तैयारी की जा रही है। आयोजन के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग-31 के समीप करीब 25 एकड़ जमीन चिह्नित की गई है।

इस आयोजन को लेकर गुरुवार को तेतरी धाम स्थित ब्रह्म बाबा स्थान के सेलिब्रेशन हॉल में आयोजन समिति ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर तैयारियों की जानकारी दी। इस दौरान मंदिरों की प्राण-प्रतिष्ठा, श्रद्धालुओं के ठहरने, भोजन, सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

रामकथा से पहले तीन मंदिरों की होगी प्राण-प्रतिष्ठा

आयोजन समिति के अनुसार, धार्मिक महोत्सव की शुरुआत 17 से 19 फरवरी 2027 तक होने वाले प्राण-प्रतिष्ठा समारोह से होगी। इस दौरान तेतरी धाम में नवनिर्मित काली मंदिर, बजरंगबली मंदिर और भोलेनाथ मंदिर की प्राण-प्रतिष्ठा परमहंस स्वामी आत्मानंद जी महाराज के कर-कमलों से संपन्न कराई जाएगी। इसके बाद 22 फरवरी से जगद्गुरु रामभद्राचार्य जी महाराज की श्रीराम कथा शुरू होगी।

रामकथा प्रतिदिन दोपहर दो बजे से शाम छह बजे तक चलेगी। कथा के दौरान रामभद्राचार्य जी महाराज के ठहरने की व्यवस्था अर्जुन कॉलेज में की जाएगी।

25 एकड़ में बनेगा पंडाल, एक लाख वर्गफीट में श्रद्धालुओं के विश्राम की व्यवस्था

अर्जुन कॉलेज के संस्थापक राजीव कुमार झा ने बताया कि आयोजन को भव्य बनाने के लिए व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। करीब 25 एकड़ जमीन में विशाल पंडाल और आयोजन स्थल तैयार किया जाएगा। देश के विभिन्न हिस्सों से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए करीब एक लाख वर्गफीट में विश्राम एवं ठहरने की व्यवस्था प्रस्तावित है।

आयोजन समिति का अनुमान है कि प्रतिदिन 50 हजार से एक लाख तक श्रद्धालु रामकथा सुनने पहुंच सकते हैं। इसे ध्यान में रखते हुए भोजन, पेयजल, बैठने, आवागमन, स्वच्छता और सुरक्षा की व्यवस्था की जाएगी। इसके साथ ही तेतरी ग्रामवासियों की ओर से भव्य मेले का आयोजन भी होगा। मेले में विभिन्न प्रकार की दुकानें, मनोरंजन के साधन और बच्चों के लिए झूले लगाए जाएंगे।

मुख्यमंत्री, राज्यपाल और केंद्रीय मंत्रियों को भेजा जाएगा निमंत्रण

राजीव कुमार झा ने बताया कि आयोजन को केवल नवगछिया और भागलपुर तक सीमित रखने के बजाय राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने का प्रयास किया जा रहा है। इसके लिए बिहार के मुख्यमंत्री, राज्यपाल और केंद्र सरकार के दर्जनों मंत्रियों को आमंत्रित करने की योजना है।

भागलपुर, बांका, मुंगेर, खगड़िया, बेगूसराय, पूर्णिया, कटिहार, सहरसा और मधेपुरा सहित आसपास के जिलों के जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, संत-महात्माओं और धर्माचार्यों को भी आमंत्रित किया जाएगा।

युवाओं को नशे से दूर कर संस्कारों से जोड़ने का लक्ष्य

आयोजन समिति ने रामकथा के पीछे धार्मिक उद्देश्य के साथ सामाजिक जागरूकता को भी महत्वपूर्ण बताया। राजीव कुमार झा ने कहा कि आज युवा पीढ़ी को नशे जैसी बुराइयों से दूर रखना बड़ी चुनौती है। रामकथा के माध्यम से युवाओं को संस्कार, नैतिकता, अनुशासन और सनातन संस्कृति के आदर्शों से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम के जीवन से मिलने वाली शिक्षाओं को आत्मसात कर व्यक्ति अपने जीवन को बेहतर बना सकता है। भगवान श्रीकृष्ण की शिक्षाओं को भी केवल पुस्तकों तक सीमित न रखकर व्यवहार में उतारने की जरूरत है। उन्होंने सामाजिक एकता, आपसी प्रेम और भाईचारे की परंपरा को मजबूत करने पर भी जोर दिया।

श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को लेकर तैयारी

प्रेस कॉन्फ्रेंस में श्रद्धालुओं के ठहरने, भोजन, पेयजल, आवागमन, स्वच्छता और सुरक्षा सहित विभिन्न व्यवस्थाओं पर चर्चा की गई। समिति का कहना है कि बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए सभी आवश्यक इंतजाम पहले से करने का प्रयास किया जाएगा।

वहीं, मंदिर निर्माण से संबंधित भूमि पूजन की तिथि अभी निर्धारित नहीं हुई है। आयोजन समिति के अनुसार, आपसी विचार-विमर्श के बाद इसकी तिथि घोषित की जाएगी।

आयोजन को सफल बनाने के लिए लोगों से सहयोग की अपील

राजीव कुमार झा और आयोजन समिति ने तेतरी सहित पूरे नवगछिया अनुमंडल के लोगों से इस धार्मिक महोत्सव में सक्रिय भागीदारी की अपील की है। उन्होंने प्रत्येक परिवार से अपने रिश्तेदारों, मित्रों और परिचितों को रामकथा में शामिल होने के लिए आमंत्रित करने का आग्रह किया।

समिति एवं ग्रामवासियों ने देश-प्रदेश के श्रद्धालुओं और सनातन धर्मावलंबियों से तन, मन और धन से सहयोग करने की अपील की है। आयोजन समिति का लक्ष्य तेतरी धाम को भक्ति, आध्यात्मिकता और सामाजिक जागरूकता के प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित करना है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button