Azam Khan Released : 11 महीने बाद जेल से बाहर आए आजम खान, बेटे अब्दुल्ला बोले- टाइगर इज बैक

Azam Khan Released : समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान करीब 11 महीने बाद गाजियाबाद की डासना जेल से रिहा हो गए। बुधवार शाम रिहाई की प्रक्रिया पूरी होने के बाद वह जेल से बाहर आए। उनके स्वागत के लिए दोनों बेटे अदीब और अब्दुल्ला समेत सैकड़ों समर्थक जेल के बाहर मौजूद रहे।
आजम खान की रिहाई की खबर मिलते ही डासना जेल के बाहर समर्थकों की भीड़ जुट गई। बताया जा रहा है कि उनके स्वागत के लिए करीब 600 से अधिक समर्थक पहुंचे थे। आजम खान की मुंहबोली बेटी एकता कौशिक भी इस मौके पर मौजूद रहीं।
बेटे अब्दुल्ला ने कहा- टाइगर इज बैक
जेल से बाहर आते ही आजम खान का समर्थकों ने जोरदार स्वागत किया। इस दौरान उनके बेटे अब्दुल्ला आजम ने उत्साह के साथ कहा, ‘टाइगर इज बैक’। उन्होंने कहा कि उनके पिता टाइगर हैं और टाइगर कभी हारता नहीं है। अब्दुल्ला ने आरोप लगाया कि उनके पिता को झूठे मुकदमों में फंसाकर जेल में रखा गया था। उन्होंने कहा कि अब आजम खान फिर से जनता के बीच होंगे।
शाम 4:30 बजे जेल पहुंचा रिहाई का परवाना
जानकारी के मुताबिक, बुधवार शाम करीब 4:30 बजे आजम खान की रिहाई का परवाना डासना जेल पहुंचा। इसके बाद जेल प्रशासन ने आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी की और उन्हें रिहा कर दिया। उनके दोनों बेटे पिता को लेने जेल पहुंचे थे।
इससे पहले 31 अक्टूबर को आजम खान रामपुर जेल से बाहर आए थे, लेकिन प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने उन्हें तत्काल गिरफ्तार कर लिया था। इसके बाद से वह गाजियाबाद की डासना जेल में बंद थे।
आजम खान की जमानत पर सुप्रीम कोर्ट पहुंची ED
आजम खान की रिहाई के बीच प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने उनकी अंतरिम जमानत को चुनौती देते हुए सुप्रीम कोर्ट का रुख किया। एजेंसी ने मामले में तत्काल सुनवाई की मांग की थी। इस पर सुप्रीम कोर्ट ने ED की जल्दबाजी पर सवाल उठाते हुए कहा कि आजम खान को जमानत पर रहने दिया जाए, इससे कोई आसमान नहीं टूट पड़ेगा।
ED ने हाईकोर्ट की उन टिप्पणियों को चुनौती दी, जिनमें गिरफ्तारी के आधार लिखित रूप में नहीं बताए जाने और कार्रवाई के पीछे गलत मंशा होने की बात कही गई थी। एजेंसी ने हाईकोर्ट के आदेश पर रोक लगाने और यथास्थिति बनाए रखने की मांग की। हालांकि, सुप्रीम कोर्ट ने तत्काल रोक लगाने के बजाय मामले को अगले दिन सुनवाई के लिए सूचीबद्ध करने पर सहमति जताई।
आजम खान की रिहाई के बाद समाजवादी पार्टी के समर्थकों में उत्साह का माहौल है। अब राजनीतिक गलियारों में उनकी आगे की रणनीति और सक्रियता को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।



