भागलपुर

नवगछिया में कायाकल्प योजना की समीक्षा, 48 में से 37 योजनाएं अब भी लंबित

नवगछिया में कायाकल्प योजना की रफ्तार पर डीएम की नजर, 48 योजनाओं की हुई समीक्षा; 37 अब भी लंबित

भागलपुर: नवगछिया प्रखंड में विकास कार्यों को गति देने और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर जिलाधिकारी अलंकृता पांडे ने बुधवार को कायाकल्प योजना की समीक्षा बैठक की। बैठक में प्रखंड की विभिन्न ग्राम पंचायतों में संचालित योजनाओं की कार्य एवं भौतिक प्रगति का जायजा लिया गया। इस दौरान लंबित योजनाओं को लेकर भी विस्तृत जानकारी ली गई।

समीक्षा में सामने आया कि नवगछिया प्रखंड में कायाकल्प योजना के तहत कुल 48 योजनाएं निर्धारित हैं। सभी 48 योजनाओं को तकनीकी स्वीकृति मिल चुकी है, जबकि इनमें से केवल 7 योजनाओं को प्रशासनिक स्वीकृति प्राप्त हुई है। चार योजनाओं को विलोपित किया गया है। वहीं, सात योजनाओं पर काम शुरू हुआ है और सात योजनाएं पूरी हो चुकी हैं। शेष 37 योजनाएं अब भी लंबित हैं।

10 पंचायतों में चल रही योजनाओं की समीक्षा

बैठक में खैरपुर कदवा, कदवा दियारा, जगतपुर, पकड़ा, पुनामा प्रतापनगर, खगड़ा, जमुनियां, ढोलबज्जा, तेतरी और नगरह पंचायतों में संचालित विकास योजनाओं की पंचायतवार समीक्षा की गई।

सड़क, नाला से लेकर स्कूलों के विकास पर जोर

कायाकल्प योजना के तहत पीसीसी सड़क, ढक्कनयुक्त नाला, पेवर ब्लॉक, चबूतरा, सामुदायिक भवन, विद्यालयों में शौचालय एवं अतिरिक्त कक्षा निर्माण, चहारदीवारी, स्ट्रीट लाइट और सोलर लाइट लगाने जैसे कार्य शामिल हैं। इसके अलावा यात्री शेड की मरम्मत, पुस्तकालयों के लिए फर्नीचर की खरीद तथा आंगनबाड़ी केंद्रों के रंग-रोगन एवं मरम्मत का भी प्रावधान है।

जिलाधिकारी ने योजनाओं की वर्तमान स्थिति और क्रियान्वयन की प्रगति की समीक्षा करते हुए विकास कार्यों को प्रभावी ढंग से पूरा करने पर जोर दिया। कायाकल्प योजना का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करना, सार्वजनिक परिसंपत्तियों की गुणवत्ता में सुधार लाना और आम लोगों को बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराना है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button