कटिहार में सांसद पप्पू यादव की स्कॉर्ट गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त, पांच लोग घायल

सड़क निर्माण में लापरवाही का आरोप, बाढ़ के बाद से क्षतिग्रस्त बेलोरी–सन्हौली–सालमारी सड़क पर नहीं लगाए गए थे सुरक्षा संकेतक
कटिहार। पूर्णिया सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव की स्कॉर्ट गाड़ी कटिहार से सन्हौली जाने के दौरान दुर्घटनाग्रस्त होकर सड़क किनारे गड्ढे में जा गिरी। हादसे में पांच लोग घायल हुए हैं। सांसद के अनुसार, सभी घायलों को बेहतर इलाज के लिए भेजा गया है और सभी खतरे से बाहर हैं।
सांसद पप्पू यादव ने फेसबुक पोस्ट के जरिए घटना की जानकारी साझा करते हुए इसे सड़क निर्माण कार्य में लापरवाही का नतीजा बताया। उन्होंने कहा कि बेलोरी–सन्हौली–सालमारी मुख्य सड़क बाढ़ के समय से क्षतिग्रस्त है, लेकिन अब तक उसका समुचित निर्माण नहीं कराया गया है।
उन्होंने निर्माण कार्य कर रही ठेका कंपनी और PWD के संबंधित अभियंताओं पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया। सांसद के मुताबिक, दुर्घटनास्थल पर न कोई चेतावनी बोर्ड था, न उचित डायवर्जन और न ही सुरक्षा के लिए संकेतक या अवरोधक लगाए गए थे।
हादसे में किसी को गर्दन, किसी को माथे तो किसी को पीठ में चोट आई है। सांसद ने कहा कि बारिश के कारण मिट्टी गीली थी, जिससे संभवतः हादसे की भयावहता कम रही, अन्यथा बड़ा नुकसान हो सकता था।
घटना के बाद सांसद ने जिम्मेदार ठेकेदार, एग्जीक्यूटिव इंजीनियर और एसडीओ पर कार्रवाई की मांग करते हुए सवाल उठाया कि आखिर प्रशासन की नींद किसी बड़े हादसे के बाद ही क्यों खुलती है?
उन्होंने पोस्ट की शुरुआत “जाको राखे साइयाँ, मार सके ना कोई…” पंक्ति से करते हुए ईश्वर की कृपा और लोगों की दुआओं के प्रति आभार जताया।



