भागलपुर में पढ़ाई कर रहे 21 वर्षीय छात्र सौरभ कुमार जायसवाल की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना से शहर और आसपास के इलाकों में सनसनी फैल गई है। मृतक सौरभ पूर्णिया जिले के रुपौली थाना क्षेत्र के बिरौली बाजार का निवासी था। उसके पिता संतोष जायसवाल कपड़ा व्यवसायी हैं। दो भाइयों में बड़ा सौरभ पिछले दो वर्षों से भागलपुर में रहकर पढ़ाई कर रहा था।
परिजनों के अनुसार, टिकापट्टी निवासी शुभम नामक युवक ने करीब 15 दिन पूर्व सौरभ को जान से मारने की धमकी दी थी। घटना के दिन सौरभ अपने चार दोस्तों के साथ टिकापट्टी गया था। वहां से लौटने के दौरान जगतपुर के समीप उसे गोली मार दी गई। गंभीर रूप से घायल सौरभ को उसके दोस्तों ने तत्काल मायागंज अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद गौरव नामक युवक ने ही परिजनों को फोन कर वारदात की सूचना दी। हालांकि मामले ने उस वक्त नया मोड़ ले लिया जब पुलिस ने अस्पताल से ही दो युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। सूत्रों के मुताबिक, पूछताछ के दौरान एक आरोपी गौरव ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है।
मृतक की मौसी ने आरोप लगाया कि सौरभ अपने एक मित्र के साथ फोर व्हीलर में निकला था और उसी मित्र ने उसकी हत्या की। पुलिस ने दो दोस्तों को गिरफ्तार कर लिया है और पूरे घटनाक्रम की गहन जांच में जुटी है।
प्रारंभिक जांच में आपसी विवाद को हत्या की वजह माना जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं पर गंभीरता से छानबीन कर रही है ताकि घटना की असल सच्चाई सामने आ सके। शहर में इस वारदात के बाद छात्र समुदाय और स्थानीय लोगों में आक्रोश व्याप्त है।
दोस्ती में दगा! भागलपुर में छात्र की गोली मारकर हत्या, दोस्त ही निकला कातिल

