अपराधबिहारभागलपुर

दियारा में दहशत फैलाने की साजिश नाकाम, देशी कट्टा, मास्केट, 31 कारतूस के साथ दो अपराधी गिरफ्तार; रंगदारी और फसल लूट की बना रहे थे योजना

नवगछिया : नवगछिया पुलिस ने दियारा क्षेत्र में बड़ी वारदात को अंजाम देने की साजिश रच रहे दो बदमाशों को हथियार और भारी मात्रा में कारतूस के साथ गिरफ्तार कर अपराधियों के मंसूबों पर पानी फेर दिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक देशी कट्टा, एक मास्केट, 31 जिंदा कारतूस तथा दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। दोनों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर अन्य फरार अपराधियों की तलाश शुरू कर दी गई है।
शनिवार को आयोजित प्रेस वार्ता में एसडीपीओ अनिकेत अमर ने बताया कि पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अपराधियों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 17 जुलाई को इस्माइलपुर थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि छोटी परबत्ता स्थित रामचंद्र मंडल के बासा पर कुछ अपराधी अवैध हथियारों के साथ जुटे हैं और किसी बड़ी घटना की तैयारी कर रहे हैं।
सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बासा पर छापेमारी की। मौके से छोटी परबत्ता निवासी अनिल मंडल और बौकी मंडल को गिरफ्तार कर लिया गया। तलाशी के दौरान दोनों के पास से एक देशी कट्टा, एक मास्केट, 31 जिंदा कारतूस और दो मोबाइल फोन बरामद हुए।
पुलिस पूछताछ में दोनों आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे दियारा क्षेत्र में लोगों में दहशत फैलाने, रंगदारी वसूलने और किसानों की फसल लूटने की योजना बना रहे थे। इस खुलासे के बाद पुलिस ने इस्माइलपुर थाना कांड संख्या 133/26 दर्ज कर आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं में कार्रवाई शुरू कर दी है।
एसडीपीओ ने बताया कि यह कार्रवाई अपराध नियंत्रण की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता है। पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है और इस गिरोह से जुड़े अन्य अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

Sujeet Singh

सुजीत कुमार बिहार के भागलपुर जिले के निवासी हैं और पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग 8 वर्षों का अनुभव रखते हैं। उन्होंने अपने पत्रकारिता जीवन में विशेष रूप से क्राइम और राजनीति (पॉलिटिक्स) बीट पर सक्रिय रूप से रिपोर्टिंग की है। उनकी रिपोर्टिंग तथ्यपरक, निष्पक्ष और जमीनी मुद्दों पर आधारित मानी जाती है।सुजीत कुमार ने स्नातक (बी.ए.) की शिक्षा प्राप्त की है। अपने लंबे अनुभव के दौरान उन्होंने कई महत्वपूर्ण घटनाओं, अपराध संबंधी मामलों और राजनीतिक गतिविधियों की प्रभावी कवरेज कर पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बनाई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button