शराब के नशे में हंगामा करते खगड़िया के आपूर्ति पदाधिकारी गिरफ्तार, सरकारी बोर्ड लगी कार से विदेशी शराब-बीयर और एयर पिस्टल बरामद

dc146d21 9fc1 417e a171 4fdc0a862d15 1784295040220
[espro-slider id=5813]

लखीसराय : लखीसराय नगर थाना पुलिस ने शनिवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए खगड़िया में पदस्थापित एक आपूर्ति पदाधिकारी को शराब के नशे में हंगामा करने के आरोप में गिरफ्तार किया। पुलिस ने उनके साथ चालक को भी हिरासत में लिया है। कार्रवाई के दौरान सरकारी पहचान वाली कार से पांच बोतल विदेशी शराब, पांच केन बीयर और दो एयर पिस्टल बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार नगर थाना क्षेत्र के कार्यानंद स्थित साईं मंदिर के पास एक व्यक्ति के शराब के नशे में हंगामा करने की सूचना मिली थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके से एक कार को रोका। जांच में कार के आगे “जिला प्रशासन” और पीछे “बिहार सरकार, आपूर्ति पदाधिकारी” लिखा मिला। तलाशी लेने पर कार से पांच बोतल विदेशी शराब, पांच केन बीयर और दो एयर पिस्टल बरामद हुए।
गिरफ्तार लोगों की पहचान लखीसराय निवासी दीपक कुमार भारद्वाज तथा चालक दीपक कुमार (निवासी बेगूसराय) के रूप में हुई है। पुलिस जांच में सामने आया कि दीपक कुमार भारद्वाज वर्तमान में खगड़िया जिले में आपूर्ति पदाधिकारी के पद पर कार्यरत हैं।
पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर मेडिकल जांच कराई है। मेडिकल रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम सहित संबंधित धाराओं में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
हालांकि, गिरफ्तार आपूर्ति पदाधिकारी दीपक कुमार भारद्वाज ने अपने ऊपर लगे आरोपों से इनकार करते हुए कहा कि उन्हें मोहल्ले के कुछ लोगों ने साजिश के तहत फंसाया है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि बरामद शराब और एयर पिस्टल किस उद्देश्य से कार में रखे गए थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *