रंगरा थाना के भवानीपुर रेल गेटमैन मुकेश कुमार हत्याकांड का नवगछिया पुलिस ने किया उद्भेदन ।। InquilabIndia

रंगरा थाना के भवानीपुर रेल गेटमैन मुकेश कुमार हत्याकांड का नवगछिया पुलिस ने किया उद्भेदन ।।
- दोस्तों संग शराब के नशे में। रेल गेटमैन से सिगरेट पीने के लिए पैसे नही देने पर मारी थी गोली
- घटना में प्रयुक्त एक देशी कट्टा और दो कारतूस बरामद
नवगछिया। बीते वर्ष 31 दिसंबर की रात्री नवगछिया-कटरिया रेलवे स्टेशन के रंगरा थाना क्षेत्र के भवानीपुर गुमटी नम्बर- 10 सी, पर तैनात गेटमैन सबौर भागलपुर आर्यटोला निवासी राजनंदन मंडल के 33 वर्षीय पुत्र मुकेश कुमार को अज्ञात अपराधियों द्वारा गोली मारकर हत्या कर दिया गया था। घटना के बाद पुलिसिया अनुसन्धान में उस वक्त यह बात सामने आई थी कि गेट खोलने को लेकर विवाद में गेटमैन की हत्या गोली मार कर दी गई। मुकेश को ड्यूटी के वक्त एक गोली सीने में मारी गई थी। जिससे मौके पर ही मुकेश की मौत हो गया था।
वही घटना के बाद नवगछिया एसपी शुशांत कुमार सरोज ने कांड के उद्भेदन व अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए नवगछिया एसडीपीओ दिलीप कुमार के नेतृत्व मे एसआईटी टीम का गठन किया था। वही घटना के तीन माह बाद यानी मंगलवार को नवगछिया पुलिस को इस कांड के उद्भेदन एवं हत्यारोपी की गिरफ्तारी करने में बड़ी सफलता मिली है। मामले में मंगलवार को नवगछिया एसडीपीओ दिलीप कुमार ने अपने कार्यालय में प्रेस कांफ्रेंस कर बताया कि, मैनुअली/वैज्ञानिकी अनुसन्धान के आधार पर इस कांड में शामिल एक अपराधी को नवगछिया आरपीएफ के सहयोग से नवगछिया रेलवे स्टेशन के समीप से गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार अपराधी रंगरा थाना क्षेत्र के भवानीपुर निवासी रघुनंदन यादव के पुत्र सौगंध कुमार बताया जाता है।
एसआईटी द्वारा पूछताछ के क्रम में सौगंध ने कांड को अंजाम देने की बात स्वीकार करते हुए बताया कि घटना की शाम तीन-चार दोस्तों के साथ शराब पिया था, जिसके बाद सभी मोटरसाइकिल से सिगरेट पीने निकले थे। वही भवानीपुर रेलवे गेट पर पहुंचने पर पूर्व से परिचित गेटमैन मुकेश कुमार से सिगरेट पीने के लिए पैसे की मांग की गई। मुकेश द्वारा पैसे की मांग पूरी नही करने से आक्रोशित सौगंध ने कमर से कट्टा निकालकर गोली मार दिया और सभी मौके से फरार हो गए। घटना को अंजाम देने के बाद सभी नवगछिया के रसलपुर, जगतपुर और भागलपुर में जगह बदल बदलकर छिपकर रह रहे थे। सौगंध ने हाल ही में भागलपुर में विवाह कर अधिकांश ससुराल में छिपकर रह रहा था। गिरफ्तार सौगंध की निशानदेही पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त एक देशी कट्टा और दो जिंदा कारतूस भी बरामद किया है।
नवगछिया आरपीएफ द्वारा लगातार सौगंध की गतिविधियों पर नजर बनाए हुए थे। एसडीपीओ दिलीप कुमार ने बताया कि कांड में अन्य तीन अपराधी अब भी फरार हैं। जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस सम्भावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। जल्द ही इस कांड में शामिल सभी अपराधियो की गिरफ्तारी होगी। पूछताछ के बाद गिरफ्तार हत्यारोपी को जेल भेज दिया गया। छापेमारी में शामिल गोपालपुर थानाध्यक्ष नीरज कुमार, रंगरा थाना के एएसआई चनवीर यादव, एएसआई शशिभूषण कुमार, सनोज कुमार राजवंशी, गोपालपुर थाना के योगेश कुमार, पीटीसी सँतोष कुमार समेत अन्य पुलिस बल शामिल थे।



