भागलपुर

गंगा संरक्षण योजनाओं में तेजी के निर्देश, STP और शवदाह गृह के कार्यों की हुई समीक्षा


भागलपुर। जिला गंगा समिति की मासिक बैठक बुधवार को समीक्षा सभागार में नगर आयुक्त किसलय कुशवाहा की अध्यक्षता में हुई। बैठक में गंगा संरक्षण, सीवेज प्रबंधन, घाटों के विकास, शवदाह गृह निर्माण, जैविक कृषि और नमामि गंगे से जुड़ी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।

बैठक में भागलपुर नगर निगम क्षेत्र में निर्माणाधीन सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP) का काम निर्धारित समय सीमा में पूरा कराने का निर्देश उप परियोजना निदेशक, बुडको को दिया गया। वहीं पैकेज-2 और पैकेज-3 के कार्यों में भी तेजी लाने को कहा गया।

निर्माणाधीन शवदाह गृह की गुणवत्ता और प्रगति की जांच के लिए जिला स्तरीय जांच समिति से स्थल निरीक्षण कराने का निर्देश दिया गया। नवगछिया के कार्यपालक पदाधिकारी को महादेवपुर घाट पर शवदाह गृह निर्माण से संबंधित प्रस्ताव जल्द उपलब्ध कराने को कहा गया।

बैठक में जिले में चल रही जैविक कृषि गतिविधियों की भी समीक्षा हुई। अधिकारियों को अन्य क्षेत्रों में जैविक खेती का विस्तार करने और किसानों को इसके लिए प्रोत्साहित करने के लिए कार्ययोजना तैयार करने का निर्देश दिया गया।

नगर आयुक्त ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ गंगा संरक्षण एवं नमामि गंगे से जुड़ी योजनाओं को तय समय सीमा में पूरा करने को कहा। उन्होंने कहा कि योजनाओं के समय पर पूरा होने से गंगा की स्वच्छता, संरक्षण और पर्यावरण सुधार के लक्ष्यों को प्रभावी ढंग से हासिल किया जा सकेगा।

बैठक में वरीय उप समाहर्ता सुधीर कुमार, डीआरडीए निदेशक दुर्गा शंकर, एनईपी निदेशक अमर मिश्रा सहित बुडको, पीएचईडी, लघु सिंचाई, कृषि विभाग, नगर परिषद सुल्तानगंज एवं नवगछिया के पदाधिकारी तथा नमामि गंगे से जुड़े अधिकारी और प्रतिनिधि मौजूद रहे।

17866388886327700660505172095458

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button