भागलपुर

धान के खेत जाने के दौरान करंट की चपेट में आने से मजदूर की मौत, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

बिहपुर। गुरुवार की सुबह प्रखंड के झंडापुर पंचायत अंतर्गत शेख टोला निवासी 37 वर्षीय मोहम्मद साबिर की करंट लगने से दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मोहम्मद साबिर गुरुवार सुबह धान की खेती में मजदूरी करने के लिए खेत जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में बिजली के तार की चपेट में आने से वे गंभीर रूप से झुलस गए। स्थानीय लोगों एवं परिजनों ने उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, बिहपुर पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।

मृतक अपने पीछे चार पुत्र और एक पुत्री छोड़ गए हैं। परिवार का भरण-पोषण मजदूरी से ही होता था। उनकी असामयिक मौत से पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडलीय अस्पताल, नवगछिया भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा।

घटना से ग्रामीणों में शोक व्याप्त है। स्थानीय लोगों ने बिजली विभाग से मामले की जांच कर पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा एवं सरकारी सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button