टीएनबी कॉलेजिएट मैदान में बाढ़ राहत शिविर का निरीक्षण, अधिकारियों ने पीड़ितों से जाना हाल

भागलपुर। जिले में बाढ़ की स्थिति के बीच प्रशासनिक अधिकारियों ने राहत शिविरों की व्यवस्थाओं का जायजा तेज कर दिया है। इसी क्रम में भागलपुर के टीएनबी कॉलेजिएट मैदान में संचालित बाढ़ राहत शिविर का जिले के प्रभारी सचिव दीपक आनंद, जिलाधिकारी अलंकृता पांडे और एसएसपी प्रमोद कुमार यादव ने निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने राहत शिविर में रह रहे बाढ़ पीड़ितों से सीधे बातचीत की और उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं की जानकारी ली। प्रभारी सचिव ने सामुदायिक किचन का निरीक्षण कर भोजन की गुणवत्ता और व्यवस्था का जायजा लिया। इसके बाद मेडिकल कैंप पहुंचकर बाढ़ पीड़ितों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं, दवाइयों और चिकित्सा व्यवस्था की जानकारी ली।
अधिकारियों ने राहत शिविर में साफ-सफाई, भोजन, पेयजल, शौचालय और स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाए रखने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
प्रभारी सचिव दीपक आनंद ने बताया कि जिले में संचालित बाढ़ राहत शिविरों में प्रभावित लोगों के लिए सामुदायिक किचन, शौचालय और मेडिकल कैंप की व्यवस्था की गई है। बाढ़ पीड़ितों के लिए आवश्यक दवाइयों के साथ-साथ मवेशियों के इलाज के लिए भी दवाइयां उपलब्ध कराई जा रही हैं।
उन्होंने कहा कि राहत शिविरों में रह रहे बाढ़ प्रभावित लोगों को किसी भी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए प्रशासन लगातार निगरानी कर रहा है। अधिकारियों को शिविरों में उपलब्ध सभी सुविधाओं को सुचारू रूप से बनाए रखने और जरूरत के अनुसार तत्काल कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है।



