भागलपुर

“बांध काटोगे तो बख्शे नहीं जाओगे” – अवनीश कुमार की चेतावनी, खरीक में गरजा राजद

खरीक प्रखंड के झांव गांव में काजीकोरैया-राघोपुर जमींदारी बांध पर संकट मंडराने लगा है, और अब इस संकट से निपटने के लिए राजद ने मोर्चा खोल दिया है। शनिवार को बांध की दुर्दशा पर विरोध जताते हुए एक दिवसीय बांध बचाव धरना का आयोजन किया गया, जिसकी अगुवाई राजद के खरीक प्रखंड अध्यक्ष सुबोध यादव ने की, संचालन किया जिला उपाध्यक्ष सतीश यादव ने।

धरना स्थल पर जैसे ही राजद नेता अवनीश कुमार माइक पर आए, उनके तेवर बिफरे हुए थे। उन्होंने साफ शब्दों में कहा, “अगर समय रहते बांध की मरम्मत नहीं हुई, तो यह बाढ़ में तबाही का कारण बनेगा और इसके लिए जिम्मेदार लोगों को जनता माफ नहीं करेगी। जो नरकटिया-नन्हकार बांध काट रहे हैं, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। ये प्रकृति से नहीं, जनता से खिलवाड़ है।”

जमकर बरसे राजद नेता

अवनीश कुमार ने वर्तमान विधायक पर बांध की उपेक्षा का आरोप लगाते हुए कहा, “चुनाव जीतने के बाद ये जनप्रतिनिधि ठेकेदारी की राजनीति में मशगूल हो जाते हैं, लेकिन जब बांध टूटता है, तो बाढ़ में सबसे पहले गरीब डूबता है।” उन्होंने चेताया कि जब तक मरम्मत कार्य शुरू नहीं होता, धरना प्रदर्शन जारी रहेगा।

राजद जिलाध्यक्ष अलख निरंजन पासवान ने भी खूब भड़ास निकाली – “बांध लाखों लोगों की जान की सुरक्षा का कवच है। वोट के लिए लोग नाटक करते हैं, लेकिन अब हम ये नाटक नहीं चलने देंगे। बाढ़ आई तो जनता गुस्से में होगी और ये गुस्सा अब वोट से निकलेगा।”

युवा जिलाध्यक्ष अमन यादव ने दो टूक कहा – “बांध की सुरक्षा से समझौता करने वालों को हम बेनकाब करेंगे। प्रशासन से भी हमारी मांग है कि जो भी बांध काटने में लिप्त है, उन्हें तत्काल गिरफ्तार किया जाए।”

धरना में प्रखंड अध्यक्ष किशोर यादव, लालू यादव, अहमद हुसैन मतवाला, उपमुखिया दयानंद मंडल, जय जय राम मंडल, प्रदीप मंडल समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। सभी ने एक सुर में कहा – “अबकी बार न बांध कटेगा, न उम्मीद!”

20250530 1457095828183538593040710

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button