भागलपुर

भागलपुर-नवगछिया के लिए प्रशासन ने बनाई नई यातायात योजना

विक्रमशिला सेतु पर उत्पन्न यातायात संकट को देखते हुए जिला प्रशासन ने भागलपुर-नवगछिया के बीच वैकल्पिक यातायात व्यवस्था को और अधिक सुगम एवं सुरक्षित बनाने की दिशा में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं। इस संबंध में जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी और वरीय पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार यादव की संयुक्त अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में प्रशासन ने स्पष्ट किया कि बरारी घाट से महादेवपुर घाट तक आम यात्रियों, किसानों, व्यापारियों और सरकारी कर्मियों की आवाजाही को ध्यान में रखते हुए पहुंच मार्गों को समतल एवं बेहतर बनाया जाएगा। एसपी सिंगला कंपनी को दोनों घाटों तक सड़क की मरम्मत और सुगम आवागमन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।

img 20260507 wa00294297751521707667191


यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए मोटर बोट के दो-मंजिला हिस्से पर यात्रियों के बैठने पर रोक लगाने का फैसला लिया गया है। वहां केवल चालक और क्रू मेंबर ही रहेंगे। घाटों पर साफ-सफाई के लिए नगर निगम को प्रतिदिन तीन बार सफाई कराने तथा दुकानदारों को डस्टबिन रखने का निर्देश दिया गया है। महादेवपुर घाट पर अतिरिक्त टेंट भी लगाए जाएंगे।
जलमार्ग में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए एसडीआरएफ की टीम लगातार गश्त करेगी। घाटों पर तैनात दंडाधिकारी और पुलिस बल बैज लगाकर ड्यूटी करेंगे। वहीं क्रूज से यात्रियों के उतरने के दौरान भीड़ नियंत्रण के लिए अतिरिक्त पुलिस बल और आपदा मित्रों की तैनाती की जाएगी।


बैठक में यह भी बताया गया कि विक्रमशिला सेतु पर लगभग साढ़े तीन मीटर चौड़ा स्कैफोल्डिंग ब्रिज जल्द तैयार किया जाएगा। इसके संचालन के दौरान एक तरफ से वाहनों की आवाजाही होगी जबकि दूसरी ओर वाहनों को रोका जाएगा। प्रशासन ने संबंधित अधिकारियों को इसके लिए पहले से तैयार रहने को कहा है।


भारी वाहनों के लिए कहलगांव से तीनटंगा गोपालपुर जलमार्ग के जरिए ट्रक एवं छोटी गाड़ियों के परिचालन की योजना बनाई गई है। नवगछिया प्रशासन को तीनटंगा से राष्ट्रीय राजमार्ग तक उपयुक्त मार्ग का निरीक्षण कर शीघ्र सुझाव देने का निर्देश दिया गया है, ताकि आवश्यकतानुसार सड़क निर्माण और मरम्मत कराई जा सके।


इसके अलावा भागलपुर-सुल्तानगंज-मुंगेर मार्ग पर जाम की समस्या रोकने के लिए फोरलेन मार्ग का निरीक्षण कराने का निर्णय लिया गया। बिजली के नीचे लटकते तारों को हटाने या ऊंचा करने तथा बड़े वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग तय करने का निर्देश भी दिया गया है। प्रशासन ने सभी अवरोधों को दो दिनों के भीतर हटाने का आदेश दिया है।


बैठक में नाव चालकों के प्रशिक्षण, घाटों पर समन्वित पुलिस व्यवस्था और सुबह-शाम बढ़ती भीड़ के मद्देनजर अतिरिक्त सतर्कता पर भी जोर दिया गया। साथ ही महादेवपुर घाट से जाह्नवी चौक तथा बरारी घाट से शहर के विभिन्न हिस्सों तक टोटो और ऑटो किराया निर्धारित करने का निर्देश भी जारी किया गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button