भागलपुर

भागलपुर में बाढ़ प्रभावित लोगों से मिले शिवराज सिंह चौहान और सीएम सम्राट चौधरी, राहत शिविरों का लिया जायजा

भागलपुर। बिहार में गंगा, कोसी और गंडक समेत कई नदियों के उफान के बीच बाढ़ की स्थिति गंभीर बनी हुई है। इसी बीच केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान और बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी भागलपुर पहुंचे और बाढ़ प्रभावित इलाकों का जमीनी स्तर पर जायजा लिया। दोनों नेताओं ने बाढ़ पीड़ितों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और राहत कार्यों की जानकारी ली।

केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचकर लोगों से बातचीत की। इस दौरान प्रभावित परिवारों ने बाढ़ के कारण होने वाली परेशानियों, आवागमन, भोजन, पेयजल और अन्य जरूरी सुविधाओं को लेकर अपनी समस्याएं बताईं। दोनों नेताओं ने लोगों को भरोसा दिलाया कि सरकार बाढ़ की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और प्रभावित लोगों तक हरसंभव सहायता पहुंचाई जा रही है।

इसके बाद दोनों नेताओं ने राहत शिविरों का निरीक्षण किया। केंद्रीय मंत्री ने शिविर में उपलब्ध कराई जा रही भोजन, पेयजल और स्वास्थ्य सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों से राहत शिविरों में रह रहे लोगों की जरूरतों और उन्हें उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी ली। साथ ही बच्चों की पढ़ाई को लेकर की गई व्यवस्था के बारे में भी जानकारी ली।

इस दौरान बाढ़ की स्थिति को लेकर शिवराज सिंह चौहान और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि बाढ़ आती-जाती रहती है, लेकिन सरकार का प्रयास है कि आपदा के दौरान लोगों को किसी तरह की परेशानी नहीं हो। सरकार प्रभावित परिवारों तक राहत सामग्री और जरूरी सुविधाएं पहुंचाने के लिए लगातार काम कर रही है।

केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि केंद्र सरकार बिहार के बाढ़ प्रभावित परिवारों और किसानों के साथ खड़ी है। बाढ़ से फसल और मकानों को हुए नुकसान का आकलन कराया जाएगा। नुकसान के आधार पर प्रभावित लोगों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।

दौरे के दौरान स्थानीय प्रशासन के अधिकारी भी मौजूद रहे। अधिकारियों से बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति और राहत कार्यों की जानकारी ली गई।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button