भागलपुर

मड़वा गांव के पास दर्दनाक सड़क हादसा- ट्रक की टक्कर से रूपेश कुमार की मौत, तीन घायल

रविवार की सुबह लगभग दस बजे झंडापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत मड़वा गांव के समीप एक भीषण सड़क दुर्घटना हो गई। हरियो जाने वाली सड़क के पास एनएच-31 पर ट्रक (नंबर NL 04 N 2361) ने एक ट्रैक्टर को पीछे से जबरदस्त टक्कर मार दी।


बताया जा रहा है कि ट्रैक्टर मड़वा गांव स्थित एनएच-31 पर बने पेट्रोल पंप के पास से हरियो की ओर जाने वाली कच्ची सड़क की ओर मुड़ा ही था कि तेज रफ्तार ट्रक ने उसे पीछे से टक्कर मार दी। इस टक्कर से ट्रैक्टर चालक शंभु कुमार (निवासी भ्रमरपुर, नारायणपुर प्रखंड), ट्रैक्टर पर बैठे इंदल मुनि, राजकुमार मंडल और बिहपुर प्रखंड के धरमपुररतती पंचायत के वार्ड संख्या 16 निवासी मजदूर प्रमोद मंडल का लगभग 24 वर्षीय पुत्र रूपेश कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए।


घटना की सूचना मिलते ही झंडापुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को इलाज के लिए बिहपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) भेजा। वहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने रूपेश कुमार की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे मायागंज अस्पताल रेफर कर दिया। लेकिन इलाज के दौरान रूपेश कुमार ने दम तोड़ दिया।


दुर्घटना के बाद पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है और आवश्यक अग्रेतर कार्रवाई में जुट गई है।
इधर, अपने जवान व कमाऊ पुत्र की असमय मौत से रूपेश कुमार के परिवार में कोहराम मच गया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में मातम का माहौल है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button