भाकपा प्रतिनिधिमंडल ने बीडीओ को सौंपा ज्ञापन, विकास योजनाओं में अनियमितता की जांच की मांग

भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) के एक प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को बिहपुर प्रखंड कार्यालय पहुंचकर मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) अभिनव भारती को सौंपा। ज्ञापन में पंचायत क्षेत्र की विकास योजनाओं में कथित वित्तीय अनियमितता एवं योजना राशि के दुरुपयोग के आरोप लगाते हुए उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की गई।
प्रतिनिधिमंडल में जिला कार्यकारिणी सदस्य निरंजन चौधरी, विमल यादव, रामशरण यादव एवं संजय पंडित सहित अन्य कार्यकर्ता शामिल थे। प्रतिनिधियों ने बताया कि बभनगामा पंचायत में वर्ष 2019 में पंचायत निधि से महादलित टोला से बांध तक पीसीसी सड़क का निर्माण कराया गया था। उनका आरोप है कि उसी सड़क किनारे दूसरी योजना का बोर्ड लगाकर दोबारा योजना संचालित किए जाने की आशंका है, जिससे सरकारी राशि के दुरुपयोग की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।
भाकपा नेताओं ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई करने तथा सरकारी राशि की संभावित हानि की भरपाई सुनिश्चित करने की मांग की। ज्ञापन प्राप्त होने के बाद बीडीओ ने मामले की जांच कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।



