भागलपुर

अज्ञात ट्रक ने ऑटो को पीछे से मारा धक्का, एक महिला की मौत
चार गंभीर हालत में मायागंज रेफर ।। Inquilabindia

नवगछिया। नवगछिया थाना क्षेत्र अंतर्गत बाबा बिशुराउत पुल पर गुरुवार सुबह करीब 6 बजे तेज रफ्तार अज्ञात ट्रक ने ऑटो को पीछे से धक्का मार दिया। जिससे ऑटो गड्ढे में पलट गया। हादसे में ऑटो सवार आधा दर्जन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। जबकि ऑटो सवार एक महिला की मौके पर मौत हो गई। मृतक महिला की पहचान पूर्णिया जिले के रुपौली थाना क्षेत्र बलिया तीनटंगा निवासी कमलदेव मंडल की 40 वर्षीय पत्नी सुलोचना देवी के रूप में हुई। सूचना पर पहुंची नवगछिया थाना पुलिस ने ग्रामीणों के सहयोग से सभी घायलों को नवगछिया पीएचसी लेकर आए। जहां डॉक्टर ने सुलोचना देवी को देखते ही मृत घोषित कर दिया। वही डॉक्टर ने सभी घायलों का प्राथमिक उपचार के बाद गम्भीर हालात देखकर बेहतर इलाज के लिए मायागंज स्थित जेएलएनएमसीएच भागलपुर रेफर कर दिया गया। घायलों में कमलदेव मंडल की पुत्री रेणु देवी 23 वर्ष, अंजली कुमारी 16 वर्ष, नाती मानस कुमार 4 वर्ष और पुत्र गौरव कुमार शामिल है। जानकारी के अनुसार सुलोचना देवी अपने पुत्र-पुत्री और नाती के साथ स्माइलपुर स्थित अपने मायके जा रही थी। घटना की सूचना मिलते ही परिजन रोते चिल्लाते नवगछिया अनुमंडल अस्पताल पहुंचे। नवगछिया थानाध्यक्ष भारतभूषण ने बताया कि उक्त ट्रक का पता किया जा रहा है। मृतक सुलोचना देवी के पति कमलदेव मंडल के लिखित बयान पर नवगछिया थाने में अज्ञात ट्रक चालक पर प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस छानबीन कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button