भागलपुर

ईशीपुर बाराहाट में युवक की गोली मारकर हत्या, 36 घंटे में दो आरोपी गिरफ्तार

ईशीपुर बाराहाट थाना क्षेत्र में युवक की गोली मारकर हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। घटना के करीब 36 घंटे के भीतर पुलिस ने कटिहार जिले के रहने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मृतक की पहचान दौलतपुर निवासी उत्तम कुमार यादव के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार, 10 सितंबर को ईशीपुर से कहलगांव जाने वाले मार्ग पर पंचरूखी मोड़ के समीप बदमाशों ने उत्तम कुमार यादव को गोली मार दी थी। गोली लगने से गंभीर रूप से घायल उत्तम को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना के बाद पुलिस ने तकनीकी जांच और मानवीय सूचना के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू की। पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए कटिहार जिले के मनिहारी थाना क्षेत्र के मिर्जापुर निवासी प्रदुम्न यादव और अमदाबाद थाना क्षेत्र के नया टोला निवासी मोहम्मद लल्लू को गिरफ्तार कर लिया।

तीन-चार दिन तक की थी रेकी

पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक पूछताछ में हत्या की वजह प्रेम संबंध से जुड़ा विवाद सामने आया है। पुलिस का दावा है कि मृतक का सरोज भारती की पत्नी के साथ कथित अवैध संबंध था। इसी विवाद को लेकर सरोज भारती के कहने पर दोनों आरोपियों ने उत्तम की तीन से चार दिनों तक बाइक से रेकी की।

इसके बाद दोनों ने पंचरूखी मोड़ के पास सुनसान जगह देखकर उत्तम कुमार यादव को गोली मार दी और मौके से फरार हो गए।

पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, मुख्य आरोपी सरोज भारती की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button