कहलगांव में ब्राउन शुगर के साथ तीन गिरफ्तार, ₹52,650 नकद बरामद

कहलगांव थाना क्षेत्र में पुलिस ने मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री के खिलाफ कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके पास से 29.85 ग्राम ब्राउन शुगर और 52,650 रुपये नकद बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले में ‘स्वस्थ युवा, स्वस्थ भागलपुर’ अभियान के तहत अवैध शराब और मादक पदार्थों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है।
इसी क्रम में 12 सितंबर को पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि कहलगांव थाना क्षेत्र के आनंदीपुर पुल के समीप मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री की जा रही है। सूचना का सत्यापन करने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को देखते ही कुछ लोग भागने लगे, जिन्हें सशस्त्र बल के सहयोग से पीछा कर पकड़ लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जितेंद्र कुमार, राहुल कुमार उर्फ देवा और शिवशंकर यादव के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान पुलिस ने तीनों के पास से 29.85 ग्राम ब्राउन शुगर और 52,650 रुपये नकद बरामद किए।
पुलिस ने मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।



