TMBU के MBA विभाग में वेतन संकट, 10 माह से शिक्षकों और कर्मियों को नहीं मिला भुगतान

1781838128832

TMBU के MBA विभाग में वेतन संकट, 10 माह से शिक्षकों और कर्मियों को नहीं मिला भुगता

भागलपुर। तिलकामांझी भागलपुर विश्वविद्यालय (TMBU) के MBA विभाग में कार्यरत शिक्षकों और शिक्षकेतर कर्मचारियों को पिछले 10 महीनों से वेतन नहीं मिलने का मामला सामने आया है। लंबे समय से वेतन भुगतान नहीं होने के कारण कर्मचारियों के सामने गंभीर आर्थिक संकट उत्पन्न हो गया है।

जानकारी के अनुसार, वर्ष 2001 में स्थापित MBA विभाग में कार्यरत कई कर्मचारी और शिक्षक वेतन के अभाव में परिवार चलाने तक के लिए संघर्ष कर रहे हैं। कर्मचारियों का कहना है कि वे अपने बीमार परिजनों का इलाज कराने, बच्चों की पढ़ाई का खर्च उठाने और दैनिक जरूरतों को पूरा करने में असमर्थ हो रहे हैं।

मामले को और गंभीर बनाते हुए कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि संविदा पर बहाल शिक्षकों एवं कर्मियों का सेवा विस्तार (Service Extension) भी अब तक नहीं किया गया है। इसके बावजूद विश्वविद्यालय प्रशासन उनसे नियमित रूप से कार्य ले रहा है।

कर्मचारियों का कहना है कि कई बार विश्वविद्यालय प्रशासन के समक्ष अपनी समस्याएं रखी गईं, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं हुई है। इससे विभाग के शिक्षकों और कर्मचारियों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।

वहीं, जब इस संबंध में विश्वविद्यालय प्रशासन का पक्ष जानने का प्रयास किया गया, तो कोई सक्षम अधिकारी उपलब्ध नहीं हो सका। प्रशासन की चुप्पी ने कर्मचारियों की चिंता और बढ़ा दी है।

कर्मचारियों ने लंबित वेतन के शीघ्र भुगतान और सेवा विस्तार की मांग करते हुए चेतावनी दी है कि यदि जल्द समाधान नहीं निकाला गया तो वे आंदोलन का रास्ता अपनाने को मजबूर होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *