नवगछिया में स्कूल में दो शिक्षिकाओं के बीच विवाद:धमकी और अभद्र व्यवहार का आरोप लगाया, प्रधानाध्यापक बोले- घटना की सूचना वरीय अधिकारियों को दे दिया गया

Screenshot 20260727 053641 Chrome
[espro-slider id=5813]

नवगछिया प्रखंड के पुनामा प्रतापनगर स्थित उच्च माध्यमिक विद्यालय में दो शिक्षिकाओं के बीच हुआ विवाद अब प्रशासन तक पहुंच गया है। 23 जुलाई को हुई इस घटना में दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर मारपीट, गाली-गलौज, धमकी और अभद्र व्यवहार के आरोप लगाए हैं। दोनों ने अलग-अलग आवेदन देकर मामले की निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की है।

अंग्रेजी शिक्षिका ने लगाए गंभीर आरोप

अंग्रेजी शिक्षिका खुशबू ने अपने आवेदन में कहा है कि विद्यालय पहुंचने पर मुख्य गेट बंद था और उन्हें काफी देर तक बाहर इंतजार करना पड़ा। विरोध करने पर शिक्षक विमलेन्दु विमल, अभय कुमार सिंह तथा शारीरिक शिक्षिका निरूपमा कुमारी ने उनके साथ गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी दी।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि शिक्षक विमलेन्दु विमल ने ट्रांसफर कराने के नाम पर ₹5 लाख की मांग की, अभद्र टिप्पणियां कीं और होटल चलने का दबाव बनाया। साथ ही निरूपमा कुमारी और उनके पति पर धमकी दिलाने का भी आरोप लगाया।

दूसरे पक्ष ने आरोपों को बताया गलत

वहीं, शारीरिक शिक्षिका निरूपमा कुमारी ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि राष्ट्रगान के दौरान गेट खोलने में कुछ मिनट की देरी हुई थी। इसी बात को लेकर खुशबू ने विद्यालय कर्मियों को डांटना शुरू कर दिया।

निरूपमा का आरोप है कि खुशबू ने उनका मोबाइल छीनकर फेंक दिया और इतिहास शिक्षिका रुक्मिणी कुमारी के साथ मिलकर उनके साथ धक्का-मुक्की और मारपीट की, जिससे उनके सिर में चोट आई। उन्होंने विज्ञान शिक्षक मो. इफ्तेखार आलम पर थाने में शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया।

प्रधानाध्यापक ने वरीय अधिकारियों को दी सूचना

विद्यालय के प्रधानाध्यापक भारत लाल मंडल ने बताया कि दोनों शिक्षकों के बीच हुए विवाद की जानकारी उन्हें है। मामले से संबंधित सूचना वरीय अधिकारियों को भेज दी गई है। अब दोनों पक्षों के आवेदनों के आधार पर मामले की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *