
भागलपुर/नवगछिया : सावन माह में कांवड़ यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए जिला प्रशासन ने भागलपुर-नवगछिया मार्ग की यातायात व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया है। शुक्रवार से पूरे सावन महीने तक नई ट्रैफिक व्यवस्था लागू रहेगी। इसका उद्देश्य कांवड़ियों को सुरक्षित और सुगम आवागमन उपलब्ध कराना तथा सड़क पर जाम की स्थिति को रोकना है।
नई व्यवस्था को लेकर गुरुवार को जिला परिवहन पदाधिकारी (डीटीओ) विजयंत कुमार, मोटरयान निरीक्षक (एमवीआई) एस.एन. मिश्र, ट्रैफिक डीएसपी संजय कुमार, नवगछिया के एसडीओ, ट्रैफिक डीएसपी, ट्रैफिक इंस्पेक्टर समेत अन्य अधिकारियों की संयुक्त बैठक हुई। बैठक में कांवड़ मार्ग पर यातायात का दबाव कम करने और संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती सहित कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा की गई।
जीरोमाइल तक ही चलेंगी बसें
बैठक में तय किया गया कि सावन माह के दौरान बसों का परिचालन जीरोमाइल तक ही रहेगा। जीरोमाइल से आगे किसी भी बस को जाने की अनुमति नहीं होगी। प्रशासन का मानना है कि इससे कांवड़ियों की आवाजाही सुरक्षित रहेगी और यातायात भी सुचारु बना रहेगा।
जाम रोकने पर रहेगा फोकस
प्रशासन ने संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल और ट्रैफिक कर्मियों की तैनाती का निर्णय लिया है। साथ ही आवश्यकता पड़ने पर वैकल्पिक मार्गों का भी उपयोग कराया जाएगा ताकि आम लोगों को कम से कम परेशानी हो।
वाहन चालकों से अपील
जिला प्रशासन ने सभी वाहन चालकों और आम नागरिकों से अपील की है कि वे जारी ट्रैफिक एडवाइजरी का पालन करें, अनावश्यक रूप से कांवड़ मार्ग का उपयोग न करें और वैकल्पिक मार्ग अपनाकर प्रशासन का सहयोग करें।



