भागलपुर

नवगछिया में युवक की गोली मारकर हत्या, पीठ में लगी गोली

फोन कर घर से बुलाने की आशंका, घटनास्थल से कारतूस और पल्सर बाइक बरामद,  FSL व तकनीकी टीम ने शुरू की जांच

नवगछिया थाना क्षेत्र के पकरा स्थित रामधारी सिंह उच्च विद्यालय के मैदान के पीछे दोनियां टोला के समीप गुरुवार देर रात एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान तेतरी दक्षिणबारी टोला निवासी किसान वरुण राय के 30 वर्षीय पुत्र राहुल राय के रूप में हुई है।

17866388886327700660505172095458

सूचना मिलते ही नवगछिया एसपी वैभव शर्मा, एसडीपीओ अनिकेत अमर, थानाध्यक्ष रवि शंकर सिंह समेत पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। घटनास्थल से एक कारतूस/खोखा और एक पल्सर बाइक बरामद की गई है। बाइक किसकी है, इसका पता लगाया जा रहा है।

मंदिर के पास आखिरी बार दिखा था राहुल

परिजनों के अनुसार राहुल गुरुवार शाम करीब छह बजे घर से निकला था। उसे तेतरी दुर्गा स्थान मंदिर के आसपास आखिरी बार देखा गया था। इसके बाद वह किसी अन्य व्यक्ति की मोटरसाइकिल से पकरा के मैदान के पीछे दोनियां टोला स्थित बांसबाड़ी की ओर गया था।

पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि राहुल को वहां किसने बुलाया था और वह किन लोगों के साथ घटनास्थल तक पहुंचा। शुरुआती जांच में आशंका है कि उसे बुलाकर या ले जाकर निशाना बनाया गया।

पीठ में गोली लगने की बात, पोस्टमार्टम से होगी पुष्टि

नवगछिया एसपी वैभव शर्मा ने बताया कि राहुल के शरीर पर प्रथमदृष्टया एक गन शॉट दिखाई दे रहा है और गोली पीछे की ओर से प्रवेश करने की बात सामने आई है। हालांकि कितनी गोलियां लगीं और गोली शरीर के किस हिस्से से निकली, इसकी स्पष्ट जानकारी पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मिलेगी।

एसपी ने बताया कि घटनास्थल से एक कारतूस बरामद हुआ है। पुलिस को जांच के दौरान कुछ महत्वपूर्ण सूत्र भी मिले हैं, जिनके आधार पर आगे छापेमारी की जाएगी।

FSL और तकनीकी टीम जुटी जांच में

घटना की गंभीरता को देखते हुए FSL टीम को मौके पर बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल की बारीकी से जांच कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पुलिस आसपास लगे संभावित CCTV कैमरों के फुटेज भी खंगाल रही है।

इसके अलावा राहुल के मोबाइल का कॉल डिटेल रिकॉर्ड, टावर लोकेशन और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि हत्या से पहले राहुल किन लोगों के संपर्क में था और घटना के समय उसकी लोकेशन कहां थी।

परिजनों ने साजिश के तहत हत्या का लगाया आरोप

राहुल की हत्या की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पत्नी विभा देवी समेत परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों ने हत्या को साजिश करार देते हुए कुछ लोगों पर संदेह जताया है। हालांकि पुलिस ने किसी आरोप की पुष्टि नहीं की है और सभी संभावित पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।

राहुल की जेब से रुपये भी मिलने की बात सामने आई है। ऐसे में पुलिस लूट की आशंका से अलग हत्या के पीछे अन्य कारणों की भी पड़ताल कर रही है।

राहुल का रहा है आपराधिक इतिहास

पुलिस के अनुसार राहुल के खिलाफ पूर्व में तीन-चार आपराधिक मामले दर्ज रहे हैं। इनमें मारपीट, जानलेवा हमला और रंगदारी से जुड़े मामले बताए जा रहे हैं। अप्रैल 2021 में उसे अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार किए जाने की भी जानकारी पुलिस ने दी है। वह फिलहाल पूर्व के मामलों में जमानत पर था।

पुलिस अब उसके पुराने आपराधिक संपर्कों, विवादों और साथ उठने-बैठने वाले लोगों की भी जानकारी जुटा रही है।

एसपी बोले- जल्द होगी छापेमारी

एसपी वैभव शर्मा ने बताया कि जांच में कुछ सूत्र मिले हैं और उनके आधार पर पुलिस आगे कार्रवाई करेगी। संभावित संदिग्धों की पहचान कर गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।

अब पुलिस के सामने सबसे बड़ा सवाल है कि राहुल मंदिर से पकरा के बांसबाड़ी तक किसके साथ पहुंचा, उसे वहां किसने बुलाया और हत्या के बाद घटनास्थल पर बाइक छोड़कर हमलावर कहां फरार हुए। पुलिस की तकनीकी जांच, FSL रिपोर्ट और पोस्टमार्टम रिपोर्ट से इन सवालों के जवाब मिलने की उम्मीद है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button